प्रधानमंत्री मोदी ने फ्रांस से अमित शाह को किया फोन, दिल्ली में बाढ़ के हालात की जानकारी ली

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jul 14, 2023, 06:28 AM IST

अमित शाह ने पीएम मोदी को बताया कि अगले 24 घंटों में जल स्तर में कमी आने की संभावना है और वह दिल्ली के उपराज्यपाल के साथ स्थिति पर नजर रख रहे हैं।

PM Modi in France: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को फ्रांस से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को फोन किया और दिल्ली के कुछ हिस्सों में आई बाढ़ के बारे में जानकारी ली। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान, शाह ने मोदी को बाढ़ के हालात के बारे में जानकारी दी और उन्हें बताया कि अगले 24 घंटों में यमुना में जलस्तर कम होने की उम्मीद है। केंद्रीय गृह मंत्री के कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘यमुना नदी के बढ़ते जल स्तर के कारण दिल्ली के कुछ हिस्सों में पैदा हुए बाढ़ जैसे हालात पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की।’

अमित शाह ने कहा, यमुना में जलस्तर कम होने की संभावना

अमित शाह ने उन्हें बताया कि अगले 24 घंटों में जल स्तर में कमी आने की संभावना है और वह दिल्ली के उपराज्यपाल के साथ स्थिति पर नजर रख रहे हैं। इसके अलावा बचाव और राहत अभियान चलाने और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए पर्याप्त संख्या में एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल) की टीम को तैनात किया गया है। प्रधानमंत्री दो दिवसीय यात्रा पर फ्रांस गए हैं। इस दौरान वह फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ व्यापक वार्ता करेंगे और विशिष्ट अतिथि के रूप में फ्रांस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में शामिल होंगे।

End of Feed