Council Ministers Meet: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 21 मई को मंत्रिपरिषद की बैठक हो सकती है। आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। इस बैठक में सभी केंद्रीय मंत्रियों, स्वतंत्र प्रभार वाले केंद्रीय राज्य मंत्रियों और अन्य केंद्रीय राज्य मंत्री शामिल हो सकते है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के साथ मंत्रालयों एवं विभागों के कामकाज की समीक्षा की जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)
यह बैठक पश्चिम बंगाल और असम में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की जीत और पुडुचेरी में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार दोबारा बनने के बाद हो रही है। प्रधानमंत्री समय-समय पर प्रमुख नीतिगत और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा के लिए मंत्रिपरिषद की बैठकें करते रहे हैं, लेकिन 21 मई की बैठक को हालिया विधानसभा चुनावों के बाद होने के कारण राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
खरीफ फसलों के MSP को मंजूरी
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति (CCEA) ने विपणन सीजन 2026-27 के लिए 14 खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि को मंजूरी दे दी है। इसे लेकर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि पूरे देश में किसान भाई-बहनों के हितों की रक्षा करने और उनकी आय बढ़ाने के लिए हम लगातार महत्वपूर्ण निर्णय ले रहे हैं। इसी दिशा में हमारी सरकार ने विपणन सीजन 2026-27 के लिए खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि को मंजूरी दी है। इस निर्णय से यह सुनिश्चित होगा कि देश के करोड़ों अन्नदाताओं को उनकी उपज का उचित और लाभकारी मूल्य मिले, और साथ ही उनके जीवन में अधिक समृद्धि आए।
केंद्र सरकार ने वर्ष 2026-27 के विपणन सीजन के लिए खरीफ फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में वृद्धि की है, ताकि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिल सके। पिछले वर्ष की तुलना में एमएसपी में सबसे अधिक वृद्धि सूरजमुखी के बीज (622 रुपए प्रति क्विंटल), उसके बाद कपास (557 रुपए प्रति क्विंटल), नाइजरसीड (515 रुपए प्रति क्विंटल) और तिल (500 रुपए प्रति क्विंटल) के लिए संस्तुति की गई है।
