पीएम नरेंद्र मोदी ने 29 जनवरी को बुलाई कैबिनेट की बैठक, सभी मंत्रियों को दे सकते हैं विशेष निर्देश

  • Authored by: रविकांत राय
  • Updated Jan 28, 2023, 11:26 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल यानी 29 जनवरी को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। सूत्रों के मुताबिक पीएम बजट सत्र को लेकर सभी मंत्रियों को विशेष निर्देश दे सकते हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कल यानी 29 जनवरी को मंत्रीपरिषद की बैठक बुलाई है। नए वर्ष 2023 में यह मोदी सरकार के मंत्रिपरिषद की पहली बैठक होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में केंद्र सरकार के सभी केंद्रीय मंत्री, राज्य मंत्री-स्वतंत्र प्रभार एवं राज्य मंत्री शामिल होंगे। सरकार के कार्यकाल के आखिरी पूर्ण बजट से पहले बुलाई गई इस मंत्रिपरिषद की बैठक को बजट सत्र के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। संसद का बजट सत्र इस बार 31 जनवरी से शुरू होने जा रहा है।

PM Narendra Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

सूत्रों के मुताबिक 29 जनवरी को बुलाई गई मंत्रिपरिषद की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बजट सत्र को लेकर सभी मंत्रियों को विशेष निर्देश दे सकते हैं। चूंकि यह मोदी सरकार के वर्तमान कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट होगा इसलिए प्रधानमंत्री यह चाहेंगे कि सरकार के सभी मंत्री बजट पेश होने के बाद इसके जनकल्याणकारी पहलुओं को ज्यादा से ज्यादा उजागर कर जनता तक पहुंचाने के लिए प्रयास करें। बैठक में भारत को मिली जी-20 की अध्यक्षता से जुड़े कार्यक्रमों पर भी चर्चा होगी। देशभर के 50 से ज्यादा स्थानों पर जी-20 से जुड़े लगभग दो सौ कार्यक्रम होने है। भारत सरकार इन कार्यक्रमों को भव्य बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहती है। सरकार इन कार्यक्रमों में ज्यादा से ज्यादा जनभागीदारी को भी सुनिश्चित करना चाहती है।

End of Feed