New Delhi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) आज आंध्र प्रदेश (Andhra Pradesh) और तेलंगाना (Telangana) को खास सौगात देने जा रहे हैं। पीएम तेलंगाना के सिकंदराबाद से वर्चुअली वंदे भारत ट्रेन (Vande Bharat Train) को हरी झंडी दिखाएंगे। पीएम मोदी सुबह 10:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ट्रेन को रवाना करेंगे। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 10 पर मौजूद रहेंगे, जहां से वंदे भारत ट्रेन रवाना होगी। ये आठवीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन होगी और लगभग 700 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
प्रधानमंत्री आज सिंकदराबाद-विशाखापत्तनम वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे
यहां की पहली वंदेभारत ट्रेन
दो तेलुगु भाषी राज्यों तेलंगाना और आंध्र प्रदेश को जोड़ने वाली ये पहली ट्रेन होगी..इससे पहले देश में 7 वंदे भारत ट्रेन अलग अलग राज्यों के रूट पर चल रही हैं।ये ट्रेन आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम, राजमुंदरी और विजयवाड़ा स्टेशनों और तेलंगाना के खम्मम, वारंगल और सिकंदराबाद स्टेशनों पर रुकेगी।पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को 15 फरवरी, 2019 को नई दिल्ली-कानपुर-इलाहाबाद-वाराणसी रूट पर हरी झंडी दिखाई गई थी। स्वदेशी रूप से डिजाइन यह ट्रेन अत्याधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस है और उपयोगकर्ताओं को तेज, आरामदायक और सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान करेगी।
2019 में हुई थी पहली ट्रेन लॉन्च
पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को 15 फरवरी, 2019 को नई दिल्ली-कानपुर-इलाहाबाद-वाराणसी मार्ग पर हरी झंडी दिखाई गई थी। पिछले साल दिसंबर महीने में प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में हावड़ा से न्यू जलपाईगुड़ी तक चलने वाली नयी वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी। यह वंदे भारत श्रृंखला की सातवीं ट्रेन थी।
किराया औऱ टाइम टेबल
विशाखापत्तनम-सिकंदराबाद वंदे भारत एक्सप्रेस (20833) सुबह 5 बजकर 45 मिनट पर चलेगी और दोपहर 2 बजकर 15 मिनट पर सिकंदराबाद पहुंचेगी। आईआरसीटीसी के मुताबिक, एसी चेयर कार का किराया 1720 रुपये और एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 3170 रुपये है। सिकंदराबाद-विशाखापत्तनम ट्रेन (20834) सिकंदराबाद से दोपहर 3 बजे रवाना होगी और रात 11.30 बजे विशाखापत्तनम पहुंचेगी. एसी चेयर कार का किराया 1,665 रुपये और एग्जीक्यूटिव चेयर कार का किराया 3,120 रुपये है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
