Indira Gandhi Birth Anniversary: देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, महासचिव प्रियंका गांधी और वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत समेत कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया। कांग्रेस के कई अन्य नेताओं ने भी इंदिरा गांधी के नेतृत्व और देश के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
सोनिया गांधी ने शक्ति स्थल पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की (फोटो- Congress)
सोनिया-खरगे पहुंचे शक्ति स्थल
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने इस अवसर पर शक्ति स्थल जाकर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सोनिया गांधी के साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के॰सी॰ वेणुगोपाल, राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत भी शक्ति स्थल पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।
पीएम मोदी दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर गुरुवार को उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ’एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ’’पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’’
प्रियंका गांधी ने इंदिरा गांधी को ऐसे किया याद
प्रियंका गांधी वाद्रा ने अपनी दादी इंदिरा गांधी के साथ अपने बचपन की एक तस्वीर साझा करते हुए उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा, ’’जन्मदिन मुबारक हो, शेरनी! आपके जैसा कोई दूसरा कभी नहीं होगा।’’
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें शक्ति, संवेदनशीलता, साहस और दृढ़ निश्चय का अद्भुत संगम बताया। गहलोत ने कहा कि इंदिरा गांधी ऐसी बेटी थीं जिन्होंने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका दृढ़ नेतृत्व, राष्ट्र के प्रति समर्पण और जनकल्याण की भावना सदैव प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन सिखाता है कि मजबूत नेतृत्व वही है जो राष्ट्रहित के प्रति दृढ़ होने के साथ-साथ आमजन के दुख-दर्द के प्रति संवेदनशील भी हो।
प्रयागराज में हुआ था इंदिरा गांधी का जन्म
इंदिरा गांधी का जन्म 19 नवंबर 1917 को उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में हुआ था। उनके पिता जवाहरलाल नेहरू देश के प्रथम प्रधानमंत्री थे। वह भारत की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं। उन्होंने 1966 से 1977 और फिर 1980 से 1984 तक प्रधानमंत्री के रूप में देश का नेतृत्व किया। उनके कार्यकाल में 1971 का भारत-पाकिस्तान युद्ध और बांग्लादेश का गठन सबसे प्रमुख घटना रही। 31 अक्टूबर 1984 को नयी दिल्ली में उनकी हत्या कर दी गई थी।
