PM Modi in Ghana: घाना की अपनी ऐतिहासिक यात्रा की शुरुआत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बुधवार को पश्चिम अफ्रीकी देश में पहुंचने के कुछ ही समय बाद अकरा के एक होटल में भारतीय समुदाय के सदस्यों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। घाना में 15,000 से अधिक की संख्या में भारतीय समुदाय के लोग रहते हैं। उनमें से कुछ 70 वर्षों से घाना में रह रहे हैं। कुछ परिवार अब घाना में चौथी पीढ़ी के हैं और उनमें से अधिकांश ने घाना की नागरिकता प्राप्त कर ली है।
पीएम मोदी घाना दौरा
कई प्रवासी भी बहुराष्ट्रीय कंपनियों और प्रमुख स्थानीय घानाई व्यवसायों के लिए कुशल श्रमिकों के रूप में काम कर रहे हैं। जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी होटल पहुंचे, स्थानीय लोगों सहित सैकड़ों लोगों ने 'मोदी-मोदी', 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के नारे लगाने शुरू कर दिए।
भव्य स्वागत के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी को प्रवासी भारतीयों से बातचीत करते हुए और यहां तक कि एक बच्चे को गोद में लिए हुए भी देखा गया, जो भारतीय परिवार के लिए एक अविस्मरणीय क्षण बन गया। इससे पहले, अफ्रीकी देश की अपनी पहली द्विपक्षीय यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी, जो तीन दशक के बाद भारत से घाना की पहली प्रधानमंत्री यात्रा भी थी, घाना के राष्ट्रपति जॉन ड्रामानी महामा ने कोटोका अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विशेष स्वागत करते हुए इस ऐतिहासिक यात्रा के महत्व को दर्शाया।
प्रधानमंत्री मोदी की घाना की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है। साथ ही यह तीन दशकों में भारत के किसी प्रधानमंत्री की पहली घाना यात्रा होगी।
मोदी ने प्रस्थान के समय अपने बयान में कहा कि घाना ‘ग्लोबल साउथ’ में एक महत्वपूर्ण साझेदार है तथा अफ्रीकी संघ एवं पश्चिमी अफ्रीकी देशों के आर्थिक समुदाय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि वह दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने तथा निवेश, ऊर्जा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं विकास साझेदारी के क्षेत्रों में सहयोग के नए द्वार खोलने के उद्देश्य से होने वाली वार्ताओं के लिए उत्सुक हैं।
उन्होंने कहा, 'हम दोनों लोकतांत्रिक देश हैं। ऐसे में घाना की संसद में संबोधन देना मेरे लिए सम्मान की बात होगी।' घाना से मोदी तीन से चार जुलाई तक त्रिनिदाद और टोबैगो की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे। अपनी यात्रा के तीसरे चरण में मोदी चार से पांच जुलाई तक अर्जेंटीना का दौरा करेंगे। अपनी यात्रा के चौथे चरण में मोदी 17वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ब्राजील जाएंगे। अपनी यात्रा के अंतिम चरण में वह नामीबिया जाएंगे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
