PM Modi Bihar rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार में विकास की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में प्रधानमंत्री ने Rs 7,200 करोड़ की लागत वाली विकास की कई परियोजनाओं की आधारशिला रख और उद्घाटन कर चुनाव से पहले बिहार को बड़ी सौगात दी। इस मौके पर पीएम ने प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत 12,000 लाभार्थियों को उनके घर की चाबी सौंपी और 40,000 लाभार्थियों के खाते में 160 करोड़ रुपए से ज्यादा राशि जारी की।
बिहार के मोतिहारी में पीएम मोदी की रैली। तस्वीर-BJP4bihar
4 अमृत भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी
पीएम ने राजेंद्र नगर टर्मिनल (पटना) से नई दिल्ली, बापूधाम मोतिहारी से दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल), दरभंगा से लखनऊ (गोमती नगर) और मालदा टाउन से लखनऊ (गोमती नगर) वाया भागलपुर के बीच चार नई अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर उन्हें रवाना किया। इस मौके पर मंच पर उनके साथ बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री और प्रदेश भाजपा के नेता उपस्थित थे।
पिछले 11 वर्षों में पीएम आवास योजना के तहत देश में गरीबों के लिए 4 करोड़ से भी ज्यादा घर बनाए गए हैं। इनमें से करीब 60 लाख घर अकेले बिहार में बने हैं। हमारे अकेले मोतिहारी जिले में ही 3 लाख के करीब गरीब परिवारों को पक्के घर मिलें हैं और गिनती लगातार बढ़ रही है। बिहार असंभव को भी संभव बनाने वाले वीरों की धरती है।
'आपने असंभव को संभव बनाया'
पीएम ने आगे कहा कि आप लोगों ने इस धरती को RJD और कांग्रेस की बेड़ियों से मुक्त किया, असंभव को संभव बनाया। उसी का परिणाम है कि आज बिहार में गरीब कल्याण को योजनाएं सीधे गरीबों तक पहुंच रही है। आज की पीढ़ी को जानना जरूरी है कि बिहार दो दशक पहले किस तरह हताशा में डूबा हुआ था। RJD और कांग्रेस के राज में विकास पर ब्रेक था, गरीब का पैसा गरीब तक पहुंचना असंभव था। जो शासन में थे, उनमें बस यही सोच थी कि कैसे गरीब के हक का पैसा लूट लें। पूर्वी भारत को आगे बढ़ाने के लिए हमें बिहार को विकसित बिहार बनाना है।
हमारी सरकार में काम तेजी से हो रहा-पीएम
पीएम ने कहा कि आज बिहार में इतनी तेजी से काम इसलिए हो रहा है, क्योंकि केंद्र और राज्य में बिहार के लिए काम करने वाली सरकार है। जब केंद्र में कांग्रेस और RJD की सरकार थी, तो UPA के 10 साल में बिहार को सिर्फ 2 लाख करोड़ रुपये के आसपास मिले। यानी नीतीश जी की सरकार से ये लोग बदला ले रहे थे। 2014 में केंद्र में आपने मुझे सेवा करने का अवसर दिया। केंद्र में आने के बाद मैंने बिहार से बदला लेने वाली उस पुरानी राजनीति को भी समाप्त कर दिया।
'हमारा संकल्प बिहार को नई ऊंचाई पर ले जाना'
उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल में, NDA के 10 वर्षों में बिहार के विकास के लिए जो राशि दी गई है, वो पहले से कईं गुना ज्यादा है। हमारा संकल्प है कि आने वाले समय में जैसे पश्चिमी भारत में मुंबई है, वैसे ही पूरब में मोतिहारी का नाम हो। जैसे अवसर गुरुग्राम में हैं, वैसे ही अवसर गया जी में भी बनें। पुणे की तरह पटना में भी औधोगिक विकास हो। सूरत की तरह ही संथाल परगना का भी विकास हो। जयपुर की तरह जलपाईगुड़ी और जाजपुर में भी टूरिज्म के नए रिकॉर्ड बने। बंगलुरू की तरह वीरभूम के लोग भी आगे बढ़ें।
चंपारण की धरती ने इतिहास बनाया है-पीएम
प्रधानमंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह धरती चंपारण की धरती है। इस धरती ने इतिहास बनाया है। आजादी के आंदोलन के इस धरती ने गांधी जी को नई दिशा दिखाई। अब इसी धरती की प्रेरणा बिहार का नया भविष्य भी बनाएगी। आज यहां से 7 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास हुआ है। मैं आप सभी को और सभी बिहारवासियों को इन विकास परियोजनाओं की बहुत-बहुत बधाई देता हूं।
