प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ (Nasha Mukta Yuva for Viksit Bharat Sankalp Abhiyaan) का शुभारंभ करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य देशभर के युवाओं को नशे के खिलाफ एकजुट कर ‘नशा मुक्त भारत’ और ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है।
ड्रग्स के खिलाफ देशव्यापी अभियान की शुरुआत आज, PM मोदी करेंगे ‘नशा मुक्त युवा’ मिशन लॉन्च
यह अभियान ‘जन भागीदारी आंदोलन’ के रूप में शुरू किया जाएगा, जिसका नेतृत्व MY Bharat के युवा स्वयंसेवक करेंगे। सरकार का लक्ष्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में सामाजिक बदलाव का वाहक बनाना है। प्रधानमंत्री मोदी कार्यक्रम के दौरान युवाओं से अपील करेंगे कि वे अपने समाज में नशा विरोधी अभियान के ब्रांड एंबेसडर बनें और दूसरों को भी इस मुहिम से जोड़ें।
10 हजार स्थानों पर एक साथ होगा आयोजन
अभियान की शुरुआत के साथ ही देशभर के करीब 10,000 स्थानों पर एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान 1 करोड़ (10 मिलियन) से अधिक युवा नशा मुक्त भारत का संकल्प लेंगे। हर रविवार को जागरूकता कार्यक्रम होंगे। सरकार के अनुसार, इस अभियान के तहत हर रविवार देशभर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें खेल प्रतियोगिताएं, वॉकाथॉन, योग और ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैलियां, कला एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, चर्चा और सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम शामिल हैं।
बेहतरीन योगदान देने वालों को मिलेगा सम्मान
अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले स्वयंसेवकों और संगठनों को 50वें, 75वें और 100वें सप्ताह पर सम्मानित किया जाएगा। सरकार का कहना है कि इस अभियान का मूल संदेश है—"नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत हैं।" इस जन आंदोलन के जरिए युवाओं को स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
