India-Iran Bilateral Ties: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय राजधानी स्थित भारत मंडपम में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान के साथ शुक्रवार को वार्ता की। इस दौरान पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करने और द्विपक्षीय संबंधों के विस्तार की दिशा तय करने पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं की दो सप्ताह से भी कम समय में यह दूसरी मुलाकात है।
PM मोदी से मिले ईरानी राष्ट्रपति पेजेशकियान
ईरान के राष्ट्रपति के ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए राष्ट्रीय राजधानी पहुंचने के कुछ घंटे बाद यह वार्ता हुई। राष्ट्रपति के रूप में पेजेश्कियान की यह पहली भारत यात्रा है।
'जटिल दौर से गुजर रही दुनिया'
इससे पहले, ब्रिक्स बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए पेजेशकियान ने स्थानीय मुद्राओं को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने कहा कि ब्रिक्स सदस्यों के बीच व्यापार में स्थानीय मुद्राओं का इस्तेमाल बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि दुनिया सबसे जटिल दौर से गुजर रही है, भू-राजनीतिक अनिश्चितताएं बढ़ी हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'अब ग्लोबल समाधान का हब है भारत', ब्रिक्स बिजनेस फोरम में PM मोदी बोले- करीब 4.5 गुना बढ़ी हमारी संयुक्त जीडीपी
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर कहा, ''भारत और ईरान के बीच सभ्यतागत संबंध हैं, जो मजबूत सांस्कृतिक और लोगों के बीच आपसी रिश्तों से जुड़े हैं। ब्रिक्स साझेदारों के तौर पर, दोनों देश मिलकर तरक्की और खुशहाली की दिशा में काम कर रहे हैं।''
पीएम मोदी ने 31 अगस्त को बिश्केक में ईरानी नेता से मुलाकात की थी और कहा था कि भारत संघर्ष को खत्म करने की दिशा में सभी प्रयासों का समर्थन करता है। पेजेशकियान ने पीएम मोदी से अनुरोध किया था कि भारत विभिन्न पक्षों के साथ अपने व्यापक संपर्कों का इस्तेमाल कर उन्हें युद्ध और खून-खराबे का रास्ता छोड़कर बातचीत और समझौते की राह पर लौटने के लिए प्रेरित करे।
