Chintan Shivir: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चिंतन शिविर में अपने सहयोगी मंत्रियों से 40-45 प्रमुख सरकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने मंत्रियों से कहा कि वे 40-45 प्रमुख सरकारी योजनाओं की पूरी जानकारी अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के लोगों तक पहुंचाएं और यह सुनिश्चित करें कि इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (फाइल फोटो)
मुद्दों का गहराई से करें अध्ययन
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने मंत्रिपरिषद के दो दिवसीय ‘चिंतन शिविर’ के दौरान यह निर्देश दिया। चिंतन शिविर में प्रधानमंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि मंत्री मीडिया से बात करने या जनता के साथ संवाद करने से पहले मुद्दों और समस्याओं का गहराई से अध्ययन करें।
पीएम मोदी ने मंत्रियों को संबंधित विषयों की बेहतर समझत विकसित करने की नसीहत दी और तथ्यों तथा सरकार के दृष्टिकोण को प्रभावी ढंग से सामने रखा।
चिंतन शिविर में अनुभव साझा करने पर जोर
मंत्रियों से चिंतन शिविर के दौरान दूसरे समूहों से मिली सीख, अपने द्वारा साझा किए गए विचारों और अनुभवों के बारे में भी जानकारी देने को कहा गया। इसका उद्देश्य अलग-अलग मंत्रालयों और विभागों के अनुभवों से सीख लेकर शासन व्यवस्था को और प्रभावी बनाना था।
चिंतन शिविर में इस बात पर जोर रहा कि चिंतन शिविर में हुई चर्चाओं को शासन व्यवस्था में सुधार और जनता की भागीदारी बढ़ाने के रूप में लागू किया जाए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 'महाभियोग' ला रहा INDIA ब्लॉक, दोनों सदनों में अगले हफ्ते नोटिस की तैयारी
योजनाओं से आगे समग्र कामकाज पर चर्चा
चिंतन शिविर में चर्चा केवल अलग-अलग सरकारी योजनाओं तक सीमित नहीं रही। इसमें इस बात पर भी विचार किया गया कि मंत्री और मंत्रालय अपने समग्र कामकाज, आपसी समन्वय, संवाद और योजनाओं की डिलीवरी को किस तरह बेहतर बना सकते हैं। इस दौरान सरकारी कामकाज के परिणामों और नागरिकों की भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया।
