Arvind Kejriwal In Goa: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को गोवा के पोंडा विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में पार्टी के प्रत्याशी गीतेश नाइक के समर्थन में ‘परिवर्तन सभा’ को संबोधित कर जनता से आम आदमी पार्टी को एक मौका देने की अपील की। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि पोंडा उपचुनाव में आप प्रत्याशी को जिताएं और 2027 में प्रदेश में आप की सरकार बनाएं। सरकार बनने के एक महीने बाद ही पंजाब और दिल्ली की तरह गोवा में भी बिजली मुफ्त कर देंगे। उन्होंने कहा कि 14 साल से राज कर रही भाजपा ने लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी कुछ नहीं दिया। उसने सिर्फ गोवा को लूटा है। पोंडा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के साथ भाजपा की सेटिंग है। वह चुनाव जीतने के बाद भाजपा में चला जाएगा।
गोवा में अरविंद केजरीवाल
कोई भी सरकार पांच साल काम नहीं करतीं
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमारे देश में सब लोग चुनाव का इंतजार करते हैं कि कब चुनाव आएगा और कब हमारे काम होंगे। दूसरी पार्टियों की जितनी भी सरकारें हैं, ये पांच साल काम नहीं करतीं। जब चुनाव आता है, तब अचानक काम शुरू हो जाते हैं। सड़कें ठीक होनी चालू हो जाती हैं, सफाई होनी चालू हो जाती है और नालियां साफ होनी चालू हो जाती हैं। सब लोग इंतजार करते हैं कि कब चुनाव आएगा और कब हमारे काम होंगे। 9 अप्रैल को पोंडा का चुनाव है। रवि नायक का देहांत हो गया। जिसके बाद यह चुनाव हो रहा है। पोंडा के लोग इंतजार कर रहे थे कि कब चुनाव की घोषणा होगी और कब हमारे काम शुरू होंगे। इस बार तो भाजपा की सरकार ने चुनाव में भी काम नहीं कराए।
कहा- पोंडा में चारों तरफ कूड़ा ही कूड़ा
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पोंडा में चारों तरफ कूड़ा ही कूड़ा पड़ा है। सड़कें टूटी पड़ी हैं, स्ट्रीट लाइट काम नहीं कर रही हैं। लोगों बता रहे हैं कि पीने के पानी में कीड़े आ रहे हैं। इस पानी को कैसे पिएं? ये लोग पांच साल तो काम नहीं करते, लेकिन चुनाव में भी काम नहीं करते। ऐसे लोगों को वोट क्यों देते हैं? 14 साल से गोवा के अंदर भाजपा की सरकार है। 14 साल में इन्होंने क्या दिया? ना दवाइयां दीं, ना इलाज दिया, ना साफ पानी दिया, ना नौकरी दी, ना बिजली दी, केवल और केवल लूटने का काम किया। लूटने के सिवा और कोई काम नहीं किया।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पोंडा में आयुष्मान आरोग्य मंदिर एक साल से बंद पड़ा है। हमारे घर में कोई बीमार होता है, तो हम इलाज कराने के लिए कहां जाएं? मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि भाजपा की 14 साल से सरकार है। पोंडा को क्या दिया? 100 करोड़ रुपए की बिल्डिंग बनाकर आईडी अस्पताल खड़ा कर दिया। उसमें उपकरण नहीं हैं, मशीनें काम नहीं करती हैं, टेस्ट नहीं होते हैं, दवाइयां नहीं मिलती हैं, इलाज नहीं होता है। आईडी अस्पताल एक ही काम करता है, जीएमसी को रेफर कर देता है। यह एक साल से बंद पड़ा है। इसको चालू क्यों नहीं करते?
गितेश नाइक को जिताने की अपील
अरविंद केजरीवाल ने पोंडा की जनता से अपील करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गितेश नाइक को जिताकर भेज दो। मैं वादा करता हूं कि आरोग्य मंदिर को शुरू कराएंगे और आईडी अस्पताल को भी ठीक कराएंगे। अरविंद केजरीवाल ने आगे जनता से कहा कि गितेश नायक को विधायक बना दो। ये पोंडा के अंदर सबके घरों में साफ पानी का इंतजाम करके देंगे। भाजपा के लोगों ने पूरे पोंडा शहर को कूड़े का ढेर बना दिया है। जहां देखो कूड़ा ही कूड़ा है। मैं मंगेशी मंदिर और शांता दुर्गा गया। वहां कर्नाटक, यूपी, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम बंगाल सहित पूरे देश से लोग वहां दर्शन करने के लिए आते हैं। मंदिर में लोगों की बड़ी मान्यता है। लेकिन भाजपा के लोगों ने पूरे पोंडा को कूड़े का ढेर बना दिया।
दिल्ली और पंजाब में घर का बिजली का बिल जीरो, बोले केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने बताया कि पहले दिल्ली में हमारी सरकार थी। अभी पंजाब में सरकार है। यह जानकर ताज्जुब होगा कि दिल्ली और पंजाब में घर का बिजली का बिल जीरो आता है। क्या गोवा में बिजली का बिल जीरो आता है? क्या जीरो बिजली का बिल चाहिए? आम आदमी पार्टी ही एक ऐसी पार्टी है जो यह दे सकती है और कोई नहीं दे सकता। पूरे देश में सिर्फ दो राज्यों पंजाब और दिल्ली में बिजली का बिल जीरो आता है। इसे आदमी पार्टी की सरकार ने किया है। इस बार “आप” का विधायक बनाओ और 2027 में सरकार बनाओ और सरकार बनाने के एक महीने के अंदर गोवा के अंदर बिजली का बिल जीरो कर देंगे।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यहां बिजली का बिल आता है, बिजली नहीं आती। मुझे कई लोगों ने बताया कि इन्वर्टर खरीदना पड़ता है। पानी, इन्वर्टर सब कुछ खरीदना ही पड़ता है तो हम लोगों ने सरकार क्यों बनाई? भाजपा को वोट क्यों दिया? क्या केवल पैसे कमाने के लिए? मुझे पता चला कि यहां एक आदमी विधायक बन जाए, तो उसकी लंबी-लंबी गाड़ियां आ जाती हैं। बड़े-बड़े घर और प्रॉपर्टी बन जाती है। ये लोग बड़े-बड़े मॉल और दुकानें खरीद लेते हैं। स्विस बैंक में कैश आ जाता है।
कौन विधायक आम लोगों के बच्चों को नौकरी दिलाता है?
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि दूसरी पार्टियों में पति, पत्नी, बेटा तीनों विधायक, पंचायत सदस्य, सरपंच, सब कुछ अपने परिवार के अंदर ही है। क्या गोवा के लोग बेवकूफ हैं? आम लोगों के बच्चे विधायक क्यों नहीं बन सकते? लेकिन दूसरी पार्टियों में नेताओं के बच्चे ही विधायक या मंत्री बनते हैं। आप के वेंजी वीगास और क्रूज सिल्वा आम लोग हैं। ये केवल लोगों की सेवा करते हैं। वेंजी वीगास ने एक क्लिनिक खोला हुआ है। वह हर हफ्ते जनता की सेवा करने के लिए, अपने पैसे और चंदा इकट्ठा करके लोगों का मुफ्त में इलाज कराता है। वहां विभिन्न विशेषज्ञ, महिलाओं, बच्चों और आंखों के डॉक्टर बुलाता है और अभी कम से कम 200 बच्चों को नौकरी दिला चुका है। कई कंपनियों से संपर्क करता है। कौन विधायक आम लोगों के बच्चों को नौकरी दिलाता है? वहीं, क्रूज सिल्वा ने खेती-बाड़ी के अंदर बहुत अच्छे-अच्छे काम किए हैं। ये विधायक हैं जो जनता की सेवा कर रहे हैं और दूसरी तरफ वो विधायक हैं जो लूटते हैं।
