Patna News: अनंत सिंह विधायक तो जदयू के हैं, लेकिन एमएलसी चुनाव में वो सपोर्ट जनसुराज को कर रहे हैं। कारण- सिर्फ एक नाम है- नीरज कुमार। जदयू के बाहुबली विधायक अनंत ने आज पार्टी की बात को अनदेखा करते हुए पटना की सड़कों पर जनसुराज उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में जनसैलाब उतार दिया।
जनसुराज उम्मीदवार अनुज सिंह के समर्थन में अनंत सिंह का रोड शो
पटना की सड़कों पर अनंत सिंह का शक्ति प्रदर्शन
अनंत सिंह आज अपने समर्थकों के साथ पटना की सड़कों पर जब उतरे, जो ट्रैफिक जाम हो गया। आज अनुज सिंह, अनंत सिंह के साथ नामांकन भरने निकले थे। इसी दौरान अनंत सिंह ने एक रोड शो का नेतृत्व किया, जिसमें भारी भीड़ उमड़ी। इस रोड शो का जो वीडियो सामने आया है, उसमें अनंत सिंह एक थार पर बैठे दिख रहे हैं और उनके पीछे सैकड़ों समर्थन चलते दिख रहे हैं।
विधायक आवास पर भव्य तैयारियां
बाहुबली नेता और जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने इस खास मौके पर अपने समर्थकों के लिए काफी बड़े पैमाने पर तैयारियां की हैं। मिली जानकारी के मुताबिक, लगभग 10 हजार लोगों के लिए खाने-पीने का शानदार इंतजाम किया गया है।
अपनी जीत को लेकर आश्वस्त जेडीयू विधायक अनंत सिंह ने कहा, "जनता ही मेरी असली मालिक है। हमें पूरा भरोसा है कि हमारी जीत पक्की है और कोई हमें हरा नहीं सकता। जीत की 500% उम्मीद है। मैदान में भले ही कई उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हों, लेकिन हार सबकी तय है। यह चुनाव किसी पार्टी विशेष का नहीं है ।"
अपनी ही पार्टी के खिलाफ अनंत सिंह
जदयू विधायक एमएलसी चुनाव में अपनी ही पार्टी के खिलाफ हैं। अनंत सिंह टिकट वितरण से पहले ही ऐलान कर चुके थे कि वो नीरज कुमार का समर्थन नहीं करेंगे। बाद में जदयू ने नीरज कुमार को ही टिकट दिया। अनंत सिंह को मनाने की कोशिश की गई, लेकिन अनंत सिंह नहीं माने। अनंत सिंह ने साफ कहा कि नीरज कुमार, उनके खिलाफ प्रचार किए हैं, साथ नहीं दिए हैं, इसलिए वो नीरज का समर्थन नहीं करेंगे। अनंत सिंह ने पहले ही अनुज सिंह का समर्थन करने का ऐलान किया था, जिन्हें बाद में प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज ने टिकट दिया।
