Pooja Khedkar News: विवादों में घिरी बर्खास्त IAS अधिकारी पूजा खेडकर का गिरफ्तार होना तय लग रहा है। पूजा खेडकर की अग्रिम जमानत याचिका खारिज हो गई है।
पूजा खेडकर की अग्रिम जमानत याचिका खारिज
क्या है खेडकर पर आरोप
मिली जानकारी के अनुसार अदालत ने पूर्व आईएएस प्रशिक्षु पूजा खेडकर को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया है। खेडकर पर सिविल सेवा परीक्षा आवेदन में “गलत जानकारी देने और तथ्यों को गलत तरीके से पेश करने” का आरोप है। खेडकर पर फर्जी सर्टिफिकेट जमा करने का भी आरोप है।
कोर्ट ने क्या कहा
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश देवेंद्र कुमार जंगला ने कहा कि दिल्ली पुलिस को ‘‘यह भी जांच करनी चाहिए कि क्या संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) में किसी ने खेडकर की मदद की थी।’’ न्यायाधीश ने मामले में जांच का दायरा भी बढ़ाया और दिल्ली पुलिस को यह जांच करने का निर्देश दिया कि क्या अन्य उम्मीदवारों ने बिना पात्रता के ओबीसी और पीडब्ल्यूडी कोटे के तहत लाभ उठाया है।
यूपीएससी ने क्या कहा
सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष के साथ-साथ यूपीएससी की ओर से पेश वकील ने अर्जी का विरोध करते हुए दावा किया कि खेडकर ने ‘‘व्यवस्था को धोखा दिया है।’’ यूपीएससी की ओर से पेश वकील ने अदालत के समक्ष दावा किया था, ‘‘खेडकर ने कानून प्रक्रिया का दुरुपयोग किया। उनके द्वारा कानून का दुरुपयोग करने की आशंका अभी भी बनी हुई है। वह साधन संपन्न हैं।’’
हो चुकी हैं बर्खास्त
बता दें कि बुधवार को ही यूपीएससी ने खेडकर की उम्मीदवारी रद्द कर दी थी और उन्हें भविष्य की परीक्षाओं से वंचित कर दिया। मतलब खेडकर अब कभी भी अधिकारी नहीं बन सकती हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
