Amit Shah on Operation Sindoor: पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकानों पर भारत की एयर स्ट्राइक को गृह मंत्री अमित शाह ने दुश्मन पर करारा वार करार दिया है। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ उन सभी को भारत का करारा जवाब है जिन्होंने हमारी सीमाओं, सेना और नागरिकों को चुनौती देने की हिम्मत की। अमित शाह ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले की अनदेखी किए बिना ऑपरेशन सिंदूर के जरिये उचित जवाब और कड़ा संदेश दिया गया। अमित शाह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर पूरी दुनिया के लिए मोदी सरकार की आतंकवाद के खिलाफ कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति का प्रमाण है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह
मुख्यमंत्रियों ने पीएम मोदी और तीनों सैन्य बलों को दी बधाई
गृह मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि शाह द्वारा बुलाई गई बैठक में शामिल हुए मुख्यमंत्रियों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के लिए प्रधानमंत्री मोदी और तीनों सैन्य बलों को बधाई दी। शाह ने यह भी कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले को नजरअंदाज किए बिना, उचित जवाब दिया गया, जिससे दुनिया को एक कड़ा संदेश गया। गृह मंत्री ने कहा कि भारतीय सशस्त्र सेनाओं द्वारा किए गए इस हमले में लश्कर-ए-तैय्यबा, जैश-ए-मोहम्मद, हिज़्बुल मुजाहिदीन और अन्य आतंकी संगठनों के आतंकवादी प्रशिक्षण और हथियार शिविरों और ठिकानों को नष्ट कर दिया गया। शाह ने कहा कि इस समय देश ने जो एकता दिखाई है, उससे देशवासियों का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए जघन्य आतंकवादी हमले के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था कि देश आतंकवादी हमले के साजिशकर्ताओं और समर्थकों को मुंहतोड़ जवाब देगा।
गृह मंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के संबंध में प्रधानमंत्री के दृढ़ संकल्प और निर्णय के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह भारत की ओर से उन लोगों को करारा जवाब है जो भारत की सीमाओं, सेना और नागरिकों को चुनौती देने का साहस करते हैं। बैठक में जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के उपराज्यपाल और उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, राजस्थान, पश्चिम बंगाल और गुजरात के मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंस के ज़रिए शामिल हुए। बैठक में सिक्किम सरकार के प्रतिनिधि, केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, खुफिया ब्यूरो (आईबी) के निदेशक तपन डेका सहित गृह मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
पाकिस्तान और पीओके में आतंकी ठिकाने तबाह
भारतीय सेना ने पाकिस्तान में चार और पीओके (PoK) में पांच आतंकवादी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक करके देश के मंसूबे साफ कर दिए हैं। जिन आतंक के ठिकानों पर हमला हुआ उनमें पाकिस्तान के बहावलपुर में जैश-ए-मुहम्मद के सरगना मौलाना मसूद अजहर का ठिकाना भी है। भारत की इस कार्रवाई में मसूद अजहर के परिवार के 10 लोग और चार करीबी लोग मारे गए हैं। यहां तक कहा जा रहा है कि मसूद अजहर अपने लिए मौत की भीख मांग रहा है। मसूद अजहर कह रहा है कि काश मैं भी मर जाता।
गुरुवार को बुलाई सर्वदलीय बैठक
वहीं, सरकार ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर सशस्त्र बलों द्वारा किए गए हमले के बारे में जानकारी देने के लिए गुरुवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने प्रस्तावित बैठक के बारे में एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने कहा, सरकार ने आठ मई, 2025 को पूर्वाह्न 11 बजे संसद पुस्तकालय भवन, संसद परिसर में सभी दलों के नेताओं की बैठक बुलाई है।
जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा के गढ़ शामिल
सरकार ने बुधवार को कहा कि भारतीय सेना ने पहलगाम हमले का बदला लेने और पाकिस्तान में आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट करने के लिए सीमित हमले किए हैं। भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार देर रात को पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए, जिनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा के गढ़ शामिल हैं।
लिया पहलगाम का बदला
ये हमले जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले का बदला लेने के लिए किए गए। पहलगाम आतंकवादी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी। रक्षा मंत्रालय ने देर रात एक बजकर 44 मिनट पर जारी एक बयान में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की शुरुआत की पुष्टि की, जिसका उद्देश्य भारतीय धरती पर हमलों की साजिश रचने और उन्हें निर्देशित करने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले आतंकवादी बुनियादी ढांचे को नष्ट करना है।
