पहलगाम आतंकी हमले की जवाबी कार्रवाई के बाद भी भारत में बड़े एक्शन प्लान में है। मंगलवार-बुधावर की रात भारतीय सशस्त्र बलों की ओर से पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए जाने के बाद लगाए गए प्रतिबंधों के कारण 300 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। जानकारी के मुताबिक, श्रीनगर समेत कम से कम 25 हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। एअर इंडिया, इंडिगो, स्पाइसजेट, एअर इंडिया एक्सप्रेस, अकासा एअर और कुछ विदेशी एयरलाइन ने विभिन्न हवाई अड्डों के लिए अपनी सेवाएं रद्द कर दी हैं।
भारत में 300 से अधिक उड़ानें रद्द (फाइल फोटो)
25 हवाई अड्डे टेंपरेरी बंद
सूत्रों ने बताया कि देश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में कम से कम 25 हवाई अड्डों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इनमें श्रीनगर, लेह, जम्मू, अमृतसर, पठानकोट, चंडीगढ़, जोधपुर, जैसलमेर, शिमला, धर्मशाला और जामनगर शामिल हैं। यहां एक सूत्र के अनुसार, एयरलाइन द्वारा विभिन्न हवाई अड्डों से आने-जाने वाली 300 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। इंडिगो ने कहा कि उसने हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के कारण 10 मई की सुबह तक अमृतसर और श्रीनगर सहित विभिन्न घरेलू हवाई अड्डों से 165 से अधिक उड़ानें रद्द कर दी हैं। सूत्रों ने बताया कि एअर इंडिया समूह - एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस - की लगभग 140 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
एयरलाइन ने कहा कि जम्मू, श्रीनगर, लेह, जोधपुर, अमृतसर, भुज, जामनगर, चंडीगढ़ और राजकोट हवाई अड्डों के बंद होने की विमानन अधिकारियों की अधिसूचना के बाद इन स्टेशन से आने-जाने वाली एअर इंडिया की उड़ानें 10 मई को भारतीय समयानुसार सुबह पांच बजकर 29 मिनट तक रद्द की जा रही हैं।
इंडिगो ने एक बयान में कहा कि हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों पर सरकारी अधिसूचना के कारण, कई हवाई अड्डों (अमृतसर, बीकानेर, चंडीगढ़, धर्मशाला, ग्वालियर, जम्मू, जोधपुर, किशनगढ़, लेह, राजकोट और श्रीनगर) से 165 से अधिक इंडिगो उड़ानें 10 मई 2025 को सुबह पांच बजकर 29 मिनट तक रद्द कर दी गई हैं। इंडिगो प्रतिदिन लगभग 2,200 उड़ानों का परिचालन करती है।
भारत ने आतंकी ठिकानों को बनाया निशाना
दरअसल, बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम की बैसरन घाटी पर आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने 6 और 7 मई की दरम्यानी रात पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। भारत ने जहां मिसाइल हमला किया, उनमें बहावलपुर भी शामिल है, जो जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन का गढ़ है। भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' में जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर हमला किया, इसमें मसूद अजहर के परिवार के 10 लोगों की मौत पर मसूद की प्रतिक्रिया सामने आई है और उसका कहना है ' काश मैं भी मारा गया होता...' ऐसा मीडिया सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है। आगे अगर पाकिस्तान किसी भी तरह का उलंघन करता है तो सेना मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है।
भारत ने बंद किए पाकिस्तान जाने वाले 25 उड़ान मार्ग
भारत ने बुधवार को कम से कम वैसे 25 उड़ान मार्ग बंद कर दिए, जो विमानों को भारतीय हवाई क्षेत्र से पाकिस्तान में प्रवेश करने की अनुमति देते हैं। भारत ने यह निर्णय उस दिन किया जिस दिन सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव की पृष्ठभूमि में, कई विदेशी एयरलाइंस पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र से परहेज कर रही हैं। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारत की कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने 24 अप्रैल को भारतीय एयरलाइन के लिए अपने हवाई क्षेत्र बंद कर दिये थे। इसके जवाब में भारत ने जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी एयरलाइन के लिए 30 अप्रैल को अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया।
तीन अधिकारियों ने बताया कि कम से कम 25 वैसे उड़ान मार्ग जो पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में विमानों के प्रवेश की अनुमति देते हैं, उन्हें अगली सूचना तक बंद कर दिया गया है। अधिकारियों में से एक ने कहा कि विदेशी एयरलाइन को वैकल्पिक उड़ान मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी गई है, जिसमें वे भारतीय हवाई क्षेत्र से बाहर निकलने के बाद पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र का उपयोग नहीं करेंगे।
