ओडिशा सरकार (Odisha Govt) भगवान जगन्नाथ (Lord Jagannath) को समर्पित एक टेलीविजन चैनल शुरू करने पर विचार कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इस प्रस्ताव को लेकर राज्य सरकार के स्तर पर शुरुआती चर्चा शुरू हो चुकी है और जल्द ही इसे लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की जा सकती है। गौरतलब है कि Jagannath Temple राज्य के विधि विभाग के अधीन आता है और मंदिर से जुड़ी धार्मिक गतिविधियों, अनुष्ठानों तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की देखरेख श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन द्वारा की जाती है।
ओडिशा सरकार ने भगवान जगन्नाथ को समर्पित टीवी चैनल शुरू करने की योजना बनायी (फोटो- JagannathaDhaam)
चैनल खोलने के लिए हुई मीटिंग
इस मुद्दे पर गुरुवार को राज्य के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (SJTA) के मुख्य प्रशासक अरविंद पाधी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। चर्चा के दौरान भगवान जगन्नाथ की परंपरा, संस्कृति और दर्शन को दुनिया तक पहुंचाने के लिए समर्पित टीवी चैनल की आवश्यकता और संभावनाओं पर विचार किया गया। हरिचंदन ने कहा, "भगवान जगन्नाथ सभी उड़िया लोगों के अधिष्ठाता देवता और विश्व के सबसे प्रिय भगवान हैं। वह अनगिनत लोगों के हृदयों में वास करते हैं, उनके लिए एक समर्पित टेलीविजन चैनल स्थापित करने पर सकारात्मक चर्चा हुई।"
क्यों चैनल लाने की चल रही है बात?
सरकार का मानना है कि यह चैनल केवल धार्मिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके जरिए जगन्नाथ संस्कृति, ओडिशा की परंपराओं, अनुष्ठानों, लोककला, आध्यात्मिक दर्शन और “विविधता में एकता” के संदेश को भी व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जाएगा। माना जा रहा है कि इस चैनल पर मंदिर की प्रमुख रस्में, रथ यात्रा, भजन, आध्यात्मिक प्रवचन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी दिखाए जा सकते हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फिलहाल यह प्रस्ताव शुरुआती वैचारिक चरण में है। चैनल की संरचना, संचालन, तकनीकी व्यवस्था और लॉन्चिंग टाइमलाइन को लेकर अभी विस्तृत योजना तैयार की जानी बाकी है। हालांकि सरकार इस परियोजना को गंभीरता से देख रही है और जल्द ही इस दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।
