Pune COEP University Clash: पुणे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से पहले शुक्रवार को बवाल हो गया। यहां COEP टेक्निकल यूनिवर्सिटी छात्रावास परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। हंगामे और बवाल को देखते हुए परिसर में भारी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती की गई है। शिवाजीनगर पुलिस ने ABVP की शिकायत पर NSUI और युवक कांग्रेस से जुड़े कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुणे में शनिवार को राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम होना है।
पुणे में एबीवीपी-एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के बीच झड़प।
50 से 60 कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया
पुलिस के मुताबिक, शिकायत में पुष्कर आबनावे, भूषण राणभरे, अक्षय जैन, सौरभ आमराले, सागर धाडवे और प्रथमेश आबनावे के साथ NSUI और युवक कांग्रेस के करीब 50 से 60 कार्यकर्ताओं को आरोपी बनाया गया है। इस बवाल पर पुणे के डीसीपी हसन गौहर ने कहा कि हमें दो समूहों में संघर्ष होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर हमने कुछ लोगों को नारेबाजी करते और सड़क को बाधित करते हुए पाया। इन लोगों को हिरासत में लिया गया। मामले में आगे की जांच की जा रही है।
छात्रा के वीडियो स्टेटमेंट को लेकर हुआ विवाद
शिकायतकर्ता मल्हार पाटील ने पुलिस को बताया कि 21 अगस्त को COEP हॉस्टल में एक छात्रा पर दबाव डालकर उसका वीडियो स्टेटमेंट लिए जाने की जानकारी मिली थी। इसी मामले में पूछताछ और चर्चा करने के लिए वह ABVP के कुछ साथियों के साथ हॉस्टल पहुंचे थे। पाटील का आरोप है कि हॉस्टल में पहुंचने के बाद उनके साथ गाली-गलौज की गई और मारपीट की गई। उन्होंने इस संबंध में शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
शुक्रवार रात में हुआ बवाल
यह घटना 21 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे से 11 बजे के बीच की बताई गई है। शिवाजीनगर पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 115(2), 189(1), 189(2), 191(2), 351(1), 352 और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 37(3), 135 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
