फिर पलटी मारेंगे नीतीश? बिहार के एक और बड़े नेता का दावा, टूटेगा JDU-RJD गठबंधन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 20, 2024, 06:01 PM IST

Bihar Politics: जदयू के नेताओं का मानना है कि गठबंधन में शामिल दलों में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नीतीश कुमार की वरिष्ठता और विपक्षी दलों को एक साथ लाने के उनके प्रयासों को उचित सम्मान नहीं दिया गया है।

Bihar Politics: इंडिया गठबंधन के घटक दलों के साथ नीतीश कुमार की नाखुशी की खबरों के बीच बिहार के एक बड़े नेता ने बड़ा बयान दिया है। भाजपा के एक प्रमुख सहयोगी दल राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के नेता एवं केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने दावा किया है कि कि राज्य के सत्तारूढ़ गठबंधन(आरजेडी-जदयू) का टूटना शत-प्रतिशत तय है। पारस ने कहा कि अयोध्या के राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के लिए अच्छी खबर आएगी।

Nitish Kumar

नीतीश कुमार

राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के नेता पारस ने दावा किया कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद के बीच मतभेद गहरे हो गए हैं। उन्होंने उनका गठबंधन टूटना सौ-फीसदी तय है। खरमास (हिंदू मान्यता में अशुभ माना जाने वाला समय) समाप्त हो गया है। 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह का आयोजित होगा। एक शुभ अवधि शुरू हो गई है और जो भी होगा, वह भाजपा नेतृत्व वाले राजग के लिए अच्छा होगा। उन्होंने कहा कि बिहार समेत पूरा देश राम मंदिर को लेकर उत्साह में डूबा हुआ है और विपक्ष के लिए चुनाव में कोई संभावनाएं नहीं है। यह पूछे जाने पर कि क्या इस मुद्दे का असर बिहार पर पड़ेगा, जहां राजद-जद(यू)-कांग्रेस-वाम गठबंधन को मजबूत माना जाता है तो पारस ने कहा कि इन्हें लोकसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि इंडिया गठबंधन जल्द ही टूट जाएगा।

End of Feed