भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने रविवार को 'दिमागी नक्सलियों' को लेकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि इनमें से कुछ लोग विभिन्न संगठनों में नेतृत्व की भूमिका निभा रहे हैं। नबीन ने कहा कि सरकार अपने काम और जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए ऐसे लोगों को सबक सिखाएगी।
नितिन नवीन ने विपक्षी दलों पर साधा निशाना। PTI
नितिन नबीन छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की जयंती के मौके पर आयोजित किया गया था।
नितिन नबीन को इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए धरमजयगढ़ पहुंचना था, लेकिन खराब मौसम के कारण उनका विमान वहां लैंड नहीं कर सका। इसके बाद उनका दौरा रद्द कर दिया गया और उन्होंने वर्चुअली कार्यक्रम को संबोधित किया।
'जंगलों से खत्म हुए हथियारबंद नक्सली, अब दिमागी नक्सलियों से सतर्क रहें'
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश से नक्सलवाद खत्म करने का संकल्प लिया है। केंद्र और राज्य सरकार इसी संकल्प को पूरा करने के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनकी टीम को राज्य को नक्सलवाद से मुक्त कराने के लिए बधाई भी दी। साथ ही माओवादियों के खिलाफ लड़ाई में जान गंवाने वाले सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि दी।
नबीन ने कहा कि बस्तर के जिन इलाकों में पहले लोगों को बंदूक चलाने की ट्रेनिंग दी जाती थी, वहां अब खेल के मैदान बन गए हैं। बच्चों को खेल और शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि जंगलों से हथियारबंद नक्सलियों का सफाया हो चुका है, लेकिन कुछ 'दिमागी नक्सली' अब भी सक्रिय हैं और विभिन्न संगठनों में नेतृत्व के पदों पर बैठे हैं।
नबीन ने बताईं 'दिमागी नक्सलियों' की तीन श्रेणियां
नितिन नबीन ने लोगों को तीन तरह के लोगों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पहली श्रेणी में वे लोग हैं, जो शहरों में एयर कंडीशनर वाले कमरों में बैठकर नीतियां बनाते हैं और बच्चों को क्रांति की बातें करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
दूसरी श्रेणी में वे लोग हैं, जो संविधान का हवाला देते हैं, लेकिन लोगों को लोकतंत्र के खिलाफ भड़काते हैं। तीसरी श्रेणी में ऐसे लोग शामिल हैं, जो संगठनों के माध्यम से इन 'दिमागी नक्सलियों' को बढ़ावा देते हैं। नबीन ने कहा, "इन तीनों से सतर्क रहने की जरूरत है। सरकार अपने काम और जनकल्याणकारी योजनाओं के जरिए दिमागी नक्सलियों को सबक सिखाएगी।"
कांग्रेस पर भी साधा निशाना
BJP अध्यक्ष ने विपक्षी कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने दशकों तक आदिवासी समुदाय को हाशिये पर रखा और उसके वोटों का इस्तेमाल राजनीतिक फायदे के लिए किया।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में जनजातीय कार्य मंत्रालय की स्थापना की गई थी। नबीन के मुताबिक, BJP आदिवासी समुदाय के लिए काम करने के साथ-साथ उसे नेतृत्व की जिम्मेदारी भी देती है।
उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली सरकार की प्राथमिकता आदिवासी लोगों के जीवन स्तर में सुधार करना और विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
