NEET Paper Leak: नीट पेपर लीक में एक हैरान कर देने वाला खुलासा हुआ है। पेपर लीक में शामिल एक मुख्य किरदार दिनेश बिवाल ने अपने जिस बेटे ऋषि बिवाल के लिए पेपर मंगवाया था, वो मुश्किल से 12वीं पास हुआ था। ऋषि बिवाल ने राजस्थान बोर्ड से 12th की परीक्षा पास की थी, जिसके मार्क्स शीट अब सामने आ गए हैं।
ऋषि बिवाल की 12th की मार्क्स शीट
ग्रेस से पास हुआ था ऋषि बिवाल
ऋषि बिवाल के फिजिक्स में 9, केमिस्ट्री में 15 और बायोलॉजी में मात्र 20 नंबर हैं। ऐसे स्टूडेंट के लिए पिता पर नीट का पेपर खरीदने का आरोप है। ऋषि बिवाल ग्रेस से 12वीं पास हुआ था।
आया लालच और फैला दिया पेपर
जांच के मुताबिक, दिनेश ने अपने बेटे ऋषि और भतीजे अमन के लिए पेपर हासिल करने के लिए एक बड़ी रकम चुकाई थी। ये मामला तब सामने आया जब लालच की वजह से इस पेपर को और आगे फैला दिया गया। ऋषि पर राकेश मंडावरिया के जरिए बड़े पैमाने पर इस पेपर को बांटने का आरोप है। सीकर के अलग-अलग कोचिंग सेंटर्स में पढ़ने वाले छात्रों को परीक्षा से लगभग 15 घंटे पहले ही यह पेपर मिल गया था। जिससे हर तरफ चिंता फैल गई और जांच शुरू हो गई।
पेपर कैंसिल, अब दोबारा से होगी परीक्षा
नीट-स्नातक परीक्षा 2026 तीन मई को हुई थी और इसके प्रश्नपत्र लीक होने की खबरों के बाद राजस्थान विशेष अभियान समूह (एसओजी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मामले की जांच शुरू की। एनटीए ने मंगलवार को नीट स्नातक 2026 रद्द करने की घोषणा की और कहा कि परीक्षा दोबारा होगी जिसके बाद आज शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने घोषणा की कि नीट-यूजी की पुन: परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। पुनः परीक्षा की अवधि 15 मिनट बढ़ा दी गई है और उम्मीदवारों को परीक्षा के लिए अपनी सुविधा के अनुसार शहर चुनने का मौका फिर से मिलेगा और उन्हें 14 जून तक प्रवेश पत्र मिल जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि अनियमितताओं के आरोपों के मद्देनजर सुधारों के तहत अगले वर्ष से मेडिकल प्रवेश परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी।
