NEET-UG 2026 Paper Leak: नीट यूजी पेपर लीक के बाद आज NTA ने परीक्षा कैंसिल करने का ऐलान किया है। इस ऐलान के पहले से ही पेपर लीक को लेकर छात्रों में गुस्सा था और जैसे ही पेपर रद्द होने का ऐलान किया, छात्र और गुस्से में दिखे। पूरे साल की उनकी मेहनत बर्बाद हो गई।
नीट पेपर लीक पर दिल्ली में NSUI का प्रदर्शन (फोटो- ANI)
लाइव अपडेट पढ़ें- NEET UG 2026 Cancelled Live Updates: क्यों रद्द हुई नीट यूजी परीक्षा, क्या करेंगे छात्र, हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 / 011-69227700 जारी
NSUI का दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन
छात्र संगठन NSUI सड़कों पर उतर आई है और प्रदर्शन कर रही है। NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा, "देश के हर कोने से छात्र सड़कों पर उतर आए हैं। NEET की तैयारी करने वाले छात्र सड़कों पर हैं। सरकार कहां है? आज, उन लोगों का भविष्य बेच दिया गया है जिन्होंने पूरी लगन और ईमानदारी से NEET परीक्षा की तैयारी की थी। मैं मांग करता हूं कि सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करे और यह सुनिश्चित करे कि इस साज़िश में शामिल किसी भी व्यक्ति को कड़ी सज़ा मिले। सरकार और प्रशासन के कुछ लोग इस मामले में शामिल हैं। सरकार, विशेष रूप से धर्मेंद्र प्रधान, को इस विफलता की ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए और अपना इस्तीफा देना चाहिए। हमारी मुख्य मांग यह है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर प्रतिबंध लगाया जाए। हम मांग करते हैं कि जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में की जाए। ऐसा इसलिए है क्योंकि हमें सरकार पर कोई भरोसा नहीं है।"
नीट परीक्षा रद्द, सीबीआई करेगी जांच
नीट परीक्षा को एनटीए ने रद्द करके जांच सीबीआई को सौंप दी है। एक आधिकारिक बयान के अनुसार भारत सरकार की मंजूरी से राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी ने 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 परीक्षा को रद्द करने और परीक्षा को अलग से अधिसूचित तिथियों पर पुनः आयोजित करने का निर्णय लिया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी - भारत सरकार ने इस मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का निर्णय लिया है ताकि आरोपों की व्यापक जांच की जा सके। एनटीए ब्यूरो को पूरा सहयोग देगा और जांच के लिए आवश्यक सभी सामग्री, रिकॉर्ड और सहायता प्रदान करेगा। नए पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी और कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके अलावा, पहले से भुगतान की गई फीस छात्रों को वापस कर दी जाएगी और परीक्षा एनटीए के आंतरिक संसाधनों का उपयोग करके पुनः आयोजित की जाएगी। पुनः आयोजित परीक्षा की तिथियों और पुनः जारी किए गए प्रवेश पत्र की अनुसूची सहित आगे की सूचनाएं एजेंसी के आधिकारिक चैनलों के माध्यम से जारी की जाएंगी।
