NEET पेपरलीक: CBI जांच की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने NTA को जारी किया नोटिस, अगली सुनवाई 8 जुलाई को होगी

नीट-यूजी 2024 में गड़बड़ी के आरोपों की सीबीआई से जांच के अनुरोध वाली याचिका पर आठ जुलाई को सुनवाई होगी। आज इस मामले पर अदालत में अहम सुनवाई हुई।

NEET Exams 2024: सुप्रीम कोर्ट ने नीट-यूजी 2024 के प्रश्नपत्र लीक होने और अन्य अनियमितताओं के आरोपों की सीबीआई जांच के अनुरोध वाली याचिका पर केंद्र और एनटीए को नोटिस जारी किया। अदालत ने विवादित नीट-यूजी परीक्षा की सीबीआई से जांच के अनुरोध वाली याचिका पर केंद्र, एनटीए और अन्य को दो सप्ताह में जवाब देने को कहा। नीट-यूजी 2024 में गड़बड़ी के आरोपों की सीबीआई से जांच के अनुरोध वाली याचिका पर आठ जुलाई को सुनवाई होगी।

जस्टिस विक्रम नाथ और न्यायमूर्ति संदीप मेहता की अवकाशकालीन पीठ ने सीबीआई और बिहार सरकार से भी दो सप्ताह के भीतर जवाब मांगा। पीठ हितेन सिंह कश्यप द्वारा दायर जनहित याचिका पर सुनवाई कर रही थी। पीठ ने कहा कि अन्य लंबित याचिकाओं के साथ जनहित याचिका पर आठ जुलाई को सुनवाई की जाएगी, जब सर्वोच्च अदालत गर्मी की छुट्टियों के बाद बैठेगी। केंद्र और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने एक दिन पहले सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि उसने एमबीबीएस और ऐसे अन्य पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए परीक्षा देने वाले 1,563 उम्मीदवारों को दिए गए कृपांक (ग्रेस मार्क्स) रद्द कर दिए हैं। केंद्र ने कहा था कि उनके पास या तो दोबारा परीक्षा देने या कृपांक को छोड़ने का विकल्प होगा।

End of Feed