Dimple Yadav: सपा सांसद डिंपल यादव के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाले मौलाना साजिद रशीदी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। बता दें, ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन(AIIA) के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी ने एक टेलीविजन बहस के दौरान समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी, जिसको लेकर अब एनडीए सांसदों ने उनके खिलाफ संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। ताजा जानकारी के अनुसार, उनके खिलाफ लखनऊ में FIR दर्ज कर ली गई है।
डिंपल यादव के लिए खड़ा हुआ NDA
वहीं इस मामले पर भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। बांसुरी स्वराज ने कहा कि डिंपल यादव के पति अखिलेश यादव अभी तक चुप क्यों हैं? इस बयान के खिलाफ उन्होंने अभी तक कुछ क्यों नहीं बोला? डिंपल यादव की अपनी ही पार्टी चुप है। ‘मौनं लागू: लक्षणम्’। एक महिला सासंद के सम्मान से ज्यादा तुष्टिकरण की राजनीति महत्वपूर्ण है।
जानें क्या है पूरा मामला
एक टीवी न्यूज चैनल के डिबेट शो के एक वीडियो में देखा गया कि दिल्ली में संसद मार्ग के पास स्थित एक मस्जिद में समाजवादी पार्टी की बैठक हुई, इस बैठक के अंदर अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव और इकरा हसन समेत और भी नेता शामिल थे। टीवी न्यूज चैनल के डिबेट शो की बहस समाजवादी पार्टी की मस्जिद में हुई बैठक को लेकर हो रही थी। इसी बीच मौलाना साजिद रशीदी ने डिंपल यादव के कपड़ों पर कमेंट कर दिया। उन्होंने तस्वीरें दिखाते हुए कहा कि इस बैठक में दो महिलाएं बैठी हैं। एक जो इकरा हसन हैं वो सिर को ढक कर बैठी हुईं हैं। इसके बाद मौलाना साहब ने अखिलेश यादव की पत्नी और सांसद डिंपल यादव के पहनावे पर कमेंट किया। उनके इस बयान की निंदा की जा रही है और कई महिलाएं उनके इस बयान पर आपत्ति जता रही हैं।
