Navy Chief Admiral Dinesh Tripathi : नौसेना को मंगलवार को अपना नया कमांडर मिल गया। एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने नए नेवी चीफ का कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार ग्रहण करने से पहले एडमिरल त्रिपाठी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस मौके पर एडमिरल ने कहा कि हमारी नौसेना पिछले कुछ सालों में युद्ध के लिए तैयार, एकजुट, विश्वसनीय और भविष्य के लिहाज से तत्पर बल के रूप में विकसित हुई है।
नौसेना प्रमुख दिनेश के त्रिपाठी।
नौसेना प्रमुख ने कहा, 'समुद्री क्षेत्र में उभरती चुनौतियों के मद्देनजर भारतीय नौसेना को संभावित शत्रुओं से निपटने के लिए परिचालन दृष्टि से तैयार रहना होगा। नई प्रौद्योगिकी लाने, राष्ट्रीय विकास का महत्वपूर्ण स्तंभ बनने में भारतीय नौसेना के प्रयासों को वह मजबूत करेंगे।
एडमिरल हरि कुमार की जगह ली
एडमिरल त्रिपाठी 26वें नौसेना प्रमुख हैं। इन्होंने एडमिरल आर हरि कुमार की जगह ली है। हरि कुमार दो साल पांच महीने नेवी चीफ के पद पर रहे। त्रिपाठी रीवा के सैनिक स्कूल के छात्र रहे हैं। इसके बाद राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) से एक जुलाई 1985 को सेना में कमीशन हुए। अभी तक त्रिपाठी नेवी में वाइस चीफ के पद पर थे।
यह भी पढ़ें-पीएम मोदी ने क्यों कहा-हम पीछे से हमला नहीं करते
कई चुनौतियों का करना है सामना
कार्यभार संभालने के बाद एडमिरल ने कहा कि नौसेना में नई तकनीक शामिल कर वह इसे आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को मजबूती प्रदान करेंगे। त्रिपाठी ने नौसेना का कार्यभार ऐसे समय संभाला है जब हिंद महासागर में चीन की गतिविधियां बढ़ी हैं और वह इस क्षेत्र में अपना प्रभाव बढ़ा रहा है। इसके अलावा अरब सागर के अदन की खाड़ी में समुद्री लुटेरों के हमले बढ़े हैं। इन चुनौतियों का सामना करते हुए उन्हें नौसेना का विस्तार भी करना है।
यह भी पढ़ें- फेक वीडियो, मुस्लिम आरक्षण पर अमित शाह के बेबाक बोल
जनरल पांडे 31 मई को होंगे रिटायर
सेना के शीर्ष नेतृत्व में अभी और भी बदलाव देखने को मिलेंगे। सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे इस साल 31 मई को रिटायर होंगे। पांडे के बाद वाइस चीफ लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी उनकी जगह ले सकते हैं। द्विवेदी वरिष्ठता क्रम की रेस में सबसे आगे हैं।
