Shubhanshu Shukla Message From Spacecraft: अमेरिका के फ्लोरिडा में NASA के कैनेडी स्पेस सेंटर से आज एक्सिओम-4 मिशन (Axiom-4 Mission) ने सफलतापूर्वक उड़ान भरी। इस मिशन के पायलट भारत के IAF ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला हैं। क्रू कंपनी के फाल्कन 9 रॉकेट पर एक नए स्पेसएक्स ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट पर सवार होकर अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की यात्रा कर रहा है।
स्पेसक्राफ्ट से कैप्टन शुभांशु का संदेश
मिशन के उड़ान भरते ही कैप्टन शुभांशु ने भारत के लिए संदेश भी भेजा। शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष उड़ान के 10 मिनट बाद ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट से कहा- नमस्कार, मेरे प्यारे देशवासियों; हम 41 साल बाद अंतरिक्ष में पहुंचे हैं। यह एक शानदार यात्रा थी। हम 7.5 किमी प्रति सेकंड की गति से पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे हैं, मेरे कंधों पर भारतीय तिरंगा है। तिरंगा मुझे बताता है कि मैं आप सभी के साथ हूं और यह सिर्फ आईएसएस तक की मेरी यात्रा की शुरुआत नहीं है, बल्कि भारत की मानव अंतरिक्ष उड़ान की भी शुरुआत है। मैं चाहता हूं कि आप सभी मेरी यात्रा का हिस्सा बनें, आइए, हम सब मिलकर भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम को आगे बढ़ाएं।
कैप्टन शुभांशु शुक्ला हैं मिशन पायलट
इस मिशन का नेतृत्व अमेरिका की कमांडर पैगी व्हिटसन कर रही हैं, जिसमें भारत के IAF ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला मिशन पायलट हैं और हंगरी के अंतरिक्ष यात्री टिबोर कपू और पोलैंड के स्लावोज़ उज़्नान्स्की-विस्नीव्स्की मिशन विशेषज्ञ हैं।
