Communal Violence In Bihar: रामनवमी के मौके पर बिहार से सासाराम और नालंदा में हुई सांप्रदायिक हिंसा के बाद जमकर सियासत हो रही है। महागठबंधन और बीजेपी के बीच वार-पलटवार जमकर हो रही है। इसी बीच केंद्रीय मंत्री अश्वनी चौबे ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक वीडियो को ट्वीट कर कहा कि बिहार की स्थिति चिंताजनक है, जंगलराज का प्रकोप बिहारवासियों पर कहर बनकर टूट रहा है। हिंसा,दंगा, लूटपाट और हत्या से जनता आतंकित है और मुख्यमंत्री इफ्तार करने व मीडिया से बहस लड़ाने में मस्त हैं। संवेदनहीन पलटू कुमार जी इस हिंसा, अराजकता की जिम्मेदारी लीजिए।
उधर बिहार बीजेपी ने ट्वीट किया कि जब बिहार जल रहा था तब इफ्तारी खाने में थे व्यस्त। अब फुर्सत मिली तो आरोप लगाने में है मस्त। वाह नीतीश जी वाह। सीएम आप, पुलिस आपकी, प्रशासन आपका और दंगा कोई और करवा रहा है? दंगों पर हंसते हुए दिया गया यह बयान आपकी लाचारी और कुव्यवस्था को साबित करने के लिए काफी है।
बिहार की स्थिति चिंताजनक है, जंगलराज का प्रकोप बिहारवासियों पर कहर बनकर टूट रहा है। हिंसा,दंगा, लूटपाट और हत्या से… t.co/evw42ryXAN
— ANI (@ANI) Apr 5, 2023
उधर बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने प्रदेश में साम्प्रदायिक दंगों को रोक पाने में विफलता के आरोपों को खारिज करते हुए बुधवार को कहा कि प्रदेश में हिंसा कराई गई। मुख्यमंत्री ने दंगों को लेकर आरोपों पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के खिलाफ रोष जाहिर करते हुए उन लोगों का पर्दाफाश करने का संकल्प दोहराया जिन्होंने दंगे की साजिश रची थी। पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में हिंसा कराई गई, माहौल खराब करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि यहां कभी कुछ होता नहीं है, क्योंकि सब लोग सावधान रहते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन ने सही तरीके से सबकुछ संभाला है। उन्होंने दावा किया कि सब कुछ जानबूझकर कराया गया गया, हिंसा की जांच जारी है और जल्दी ही सच सामने आएगा। उन्होंने कहा कि दोनों जगहों पर जो कुछ भी हुआ उसको लेकर एक-एक चीज पर नजर है । पूरे बिहार पर हमारी नजर है। इस संदर्भ में हमने तत्काल बैठक की थी। सभी अधिकारियों को हमने कह दिया है कि जितने लोग इसमें संलिप्त हैं चाहे वो किसी भी समुदाय के हों, किसी भी जाति के हों उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाय। नालंदा के दौरे के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि नालंदा तो मेरी जगह ही है। हम यहीं से सभी से बात कर लेते हैं। कुछ खास नहीं है, अब तो सब सामान्य हो गया है, हम तो ऐसे जाते ही रहते हैं सबको पता है कि वहां हम कितना काम करवाए हैं।
