Jaipur News: राजस्थान की राजधानी जयपुर में राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद से सूबे में हड़कंप मच गया है। श्यामनगर इलाके में उनपर फायरिंग हो गई। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए मेट्रो मास अस्पताल में ले जाया गया। हालांकि करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष गोगामेड़ी की मौत हो गई।
सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की गोली मारकर हत्या।
राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष की हत्या
सुखदेव सिंह को कहां गोली लगी है, इसके बारे में अब तक आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है। बताया जा रहा है कि गोगामेड़ी के श्याम नगर स्थित उनके आवास के पास ही मारी गई। करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष की मौत के बाद लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है, मेट्रो मास अस्पताल के बाहर गोलीकांड के बाद भारी भीड़ लग गई है।
एक साल से मिल रही थी सुखदेव सिंह को धमकियां
राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव की हत्या मामले में करणी सेना के पूर्व उपाध्यक्ष भवानी सिंह बोले- 'उन्हें एक साल से काफी धमकियां मिल रही थी। सरकार ने उन्हें सुरक्षा नहीं दी।'
हत्या की इस वारदात से प्रशासन में हड़कंप
सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पर फायरिंग की जानकारी मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। इलाके में भारी तादाद में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ आलाअधिकारी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि सुखदेव सिंह को दो गोलियां मारी गई। किन लोगों ने उनपर हमला किया फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो पाया है।
बनाया था राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना संगठन
लंबे समय से गोगामेड़ी राष्ट्रीय करणी सेना से जुड़े हैं। कुछ समय पहले हुए विवाद के बाद उन्होंने करणी सेना संगठन में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के नाम से अलग संगठन बना लिया था। गैंगस्टर आनंदपाल एनकाउंटर केस और फिल्म पद्मावत के बाद राजस्थान में हुए विरोध प्रदर्शन से उन्होंने काफी सुर्खियां बटोरी थी।
