Kailash Mansarovar Yatra 2025 : हर-हर महादेव के जयकारे के साथ कैलाश मानसरोवर यात्रा की शुक्रवार को शुरुआत हो गई। विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गेरिटा ने एक कार्यक्रम के बाद यात्रा के पहले जत्थे को रवाना किया। X पर अपने एक पोस्ट में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 'कैलाश मानसरोवर यात्रा के पहले जत्थे को रवाना कर बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं। यह यात्रा भारत की जीवंत सभ्यता का प्रतीक है। मैं सभी श्रद्धालुओं की सुखद यात्रा की कामना करता हूं। बेहद कम समय में यात्रा शुरू कराने के लिए मैं राज्य सरकारों, आईटीबीपी और सभी एजेंसियों का आभार जताता हूं।'
कैलाश मानसरोवर यात्रा की हुई शुरुआत।
कोविड-19 महामारी के दौरान से ही ये यात्रा बंद कर दी गई थी, लेकिन अब 5 साल के तीर्थयात्रा फिर से शुरू हुई है। इस यात्रा के लिए पवित्र ने चीनी सरकार को भी धन्यवाद दिया।
एक जत्थे में जाएंगे 50 यात्री
इस यात्रा के तीर्थयात्रियों को 15 जून को गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर यात्रा भवन से हरी झंडी दिखाकर रवाना की जाएगी। इस भवन का निर्माण यूपी सरकार के धर्मार्थ कार्य विभाग ने कराया है। वहीं, इसका संचालन उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड (यूपीएसटीडीसी) कर रहा है।
सुविधाओं का बनेगा आदर्श केंद्र
इस यात्रा के संबंध में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि धर्मार्थ कार्य विभाग और यूपीएसटीडीसी की ओर से तीर्थयात्रियों के लिए सभी तरह की व्यवस्थाएं की गई है। गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर यात्रा भवन में तीर्थयात्रियों को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं मिलती है। यह भवन पूरी तरह वातानुकूलित है और इसमें एक समय में 288 यात्रियों के रुकने की व्यवस्था है।
