Monsoon in Kerala: केरल में मानसून अगले 24 घंटे के भीतर दस्तक देगा, जो अपने सामान्य समय से करीब एक सप्ताह पहले होगा। केरल में इस साल मानसून की दस्तक पिछले 16 साल में सबसे जल्दी होने वाली है। राज्य में मानसून की दस्तक के लिए सभी अनुकूल परिस्थितियां विकसित हो गई हैं, पिछले दो दिनों में केरल के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई है, इसकी वजह कम दबाव का क्षेत्र और आगे बढ़ रहे मानसून सिस्टम का संयोजन है ऐसा बतया जा रहा है।
केरल में मानसून अगले 24 घंटे के भीतर दस्तक देगा
बता दें कि पिछली बार राज्य में मानसून इतनी जल्दी 2009 और 2001 में आया था, जब यह 23 मई को राज्य में पहुंचा था।केरल में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि 1 जून है, पिछले 25 वर्षों में सबसे अधिक देरी से मानसून का आगमन 2016 में हुआ, जब मानसून ने 9 जून को केरल में प्रवेश किया।
उत्तरी राज्यों में क्या कहता मानसून का पूर्वानुमान!
Delhi-NCR
इस बीच, शुक्रवार को सुबह 5:40 बजे जारी IMD अपडेट के अनुसार, अगले दो घंटों में दक्षिण दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना है। दिल्ली-NCR के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें 70 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएं चलने की संभावना है।
पश्चिमी राज्यों का पूर्वानुमान
महाराष्ट्र
दक्षिण कोंकण तट के पास पूर्व-मध्य अरब सागर पर एक दबाव बना है और 24 मई की सुबह रत्नागिरी से लगभग 40 किमी उत्तर-पश्चिम में स्थित था। इसके पूर्व की ओर बढ़ने और आज सुबह रत्नागिरी और दापोली के बीच तट को पार करने की उम्मीद है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार दोपहर को महाराष्ट्र के तटीय जिलों में भारी बारिश की भविष्यवाणी करते हुए रेड अलर्ट जारी किया। मौसम रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई में गरज के साथ बारिश हो सकती है, हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और अलग-अलग इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
दक्षिणी राज्यों में कैसा रहेगा मानसून
दक्षिणी राज्यों में, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को केरल, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तथा कोंकण और गोवा में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा होने की भविष्यवाणी की है।
केरल और तटीय कर्नाटक में 29 मई तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है, साथ ही 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाएँ चलेंगी। मौसम विभाग ने कहा कि अगले पाँच दिनों में तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी छिटपुट बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ेंगे।
