मुंबई

महाराष्ट्र में आए कोविड के 45 नए मामले, देश भर में आंकड़ा पहुंचा 250 के पार; दिल्ली में एडवाइजरी जारी

शुक्रवार को महाराष्ट्र से 45 नए कोविड पॉजिटिव मामले मिले, जिनमें से 35 मुंबई के हैं। इसके साथ ही देश भर में कोविड के मामलों का आंकड़ा 250 के पार पहुंच गया है। शुक्रवार को यूपी के गाजियाबाद में भी चार मामलों की पुष्टि हुई। दिल्ली सरकार ने कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए अस्पतालों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है।

Image

महाराष्ट्र में कोविड के 45 नए मामले

Photo : Times Now Digital

Maharashtra Covid Update: देश भर में कोविड के मामलों में एक बार फिर बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। कोरोना का नया वेरिएंट JN.1 से एशिया भर में हलचल का माहौल बनता दिखाई दे रहा है। महाराष्ट्र, हरियाणा, तमिलनाडु, कर्नाटक, ओडिशा और गुजरात के बाद यूपी और दिल्ली से भी मामले सामने आने लगे हैं। शुक्रवार को महाराष्ट्र में कोविड-19 के 45 नए मामले सामने आए हैं, जिनमें से 35 मामले मुंबई में हैं। शुक्रवार को दिल्‍ली में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने एक एडवाइजरी जारी कर दी है। जिसमें अस्पतालों से बेड, ऑक्सीजन, दवाइयां और वैक्‍सीन तैयार रखने को कहा गया है।

महाराष्ट्र में आए 45 कोविड मामले

महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोविड के 45 नए मामले दर्ज किए गए। जिनमें मुंबई में 35, पुणे में 4, कोल्हापुर में 2, रायगढ़ में 2 और ठाणे तथा लातूर में 1-1 मामला शामिल है। जनवरी से अब तक कोरोना वायरस के लिए 6,819 नमूनों की जांच की गई है, जिनमें से 210 में संक्रामक रोग की पुष्टि हुई। इन पॉजिटिव मामलों में 183 मुंबई से थे, जो महाराष्ट्र में सबसे अधिक है।

दिल्ली में जारी हुई एडवाइजरी

कोविड मरीजों की संख्या में छिटपुट वृद्धि केवल महाराष्ट्र में ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों और कुछ अन्य देशों में भी देखी जा रही है। देश भर में कोविड मामलों का आंकड़ा 250 की संख्या को पार कर चुका है। इसको लेकर दिल्ली सरकार ने एडवाइजरी जारी की है और सभी अस्पतालों को सतर्क रहने और कोविड से निपटने की पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए हैं। इसमें कहा गया है कि अस्पतालों को बेड, ऑक्सीजन, एंटीबायोटिक्स, अन्य दवाओं और वैक्सीन की उपलब्धता के मामले में तैयारी सुनिश्चित करनी चाहिए। वेंटिलेटर, बाई-पीएपी, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर और पीएसए (प्रोस्टेट-स्पेसिफिक एंटीजन) जैसे सभी उपकरण चालू हालत में होने चाहिए।

हालांकि, अधिकारियों ने वायरस के नये वेरिएंट जेएन.1 के अधिक गंभीर नहीं होने की बात कही है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article