श्रीकृष्ण जन्मभूमि के लिए आज कारसेवा का शंखनाद, मथुरा में हाई अलर्ट; CRPF-कोबरा ने संभाला मोर्चा

श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद: मथुरा में 9 अगस्त को प्रस्तावित कारसेवा कार्यक्रम को लेकर हलचल तेज है। राधाकुंड स्थित चित्रकूट पीठ में हवन-यज्ञ और शिला पूजन की तैयारी है। आयोजकों का दावा है कि बड़ी संख्या में साधु-संत और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। राजस्थान से गुलाबी पत्थर मथुरा पहुंचाए गए हैं और ओडिशा से आए कारीगरों द्वारा इन पर नक्काशी शुरू करने की तैयारी है।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद के बीच मथुरा में आज यानी 9 अगस्त को कारसेवा के ऐलान को लेकर हलचल बढ़ गई है। राधाकुंड स्थित चित्रकूट पीठ में हवन-यज्ञ और शिला पूजन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए कारसेवा की तैयारियां की जा रही हैं। चित्रकूट पीठ के पीठाधीश्वर स्वामी सच्चिदानंद महाराज ने इस कारसेवा का ऐलान किया था। पहले घोषित कार्यक्रम में बदलाव करते हुए अब धार्मिक अनुष्ठानों और शिला पूजन के जरिए अभियान की शुरुआत करने की तैयारी है।

mathura

मथुरा में आज बड़ा धार्मिक आयोजन, कृष्ण जन्मभूमि के लिए होगा शिला पूजन। AI IMAGE

कारसेवा कार्यक्रम में एक हजार से अधिक लोगों के जुटने का दावा किया जा रहा है। आयोजकों के मुताबिक, 13 अखाड़ों के साधु-संतों के अलावा विभिन्न हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता भी इसमें शामिल हो सकते हैं। आयोजकों ने इसे अयोध्या के राम मंदिर आंदोलन की तर्ज पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति आंदोलन को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। हालांकि, इस दावे को लेकर सभी संगठनों की एक राय नहीं है। विश्व हिंदू परिषद ने पहले संतों के कारसेवा आह्वान से दूरी बनाते हुए न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करने की बात कही थी।

End of Feed