आंध्र प्रदेश के कोनसीमा जिले में सोमवार को एक जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके बाद गैस रिसाव की आशंका जताई जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस घटना में ONGC की एक पाइपलाइन प्रभावित हुई है।
आंध्र प्रदेश के कोरासीमा जिले में विस्फोट (सांकेतिक तस्वीर)
विस्फोट के बाद इलाके में दहशत फैल गई, क्योंकि गैस रिसाव के बीच काली लपटें उठती देखी गईं। प्रशासन ने एहतियातन आसपास के इलाकों को खाली कराने के आदेश दिए हैं। साथ ही, पास के तीन गांवों में गैस और बिजली की आपूर्ति बंद कर दी गई है। स्थिति पर नजर रखने के लिए ONGC की एक टीम को मौके पर भेजा गया है।
बीते साल भी हुआ था कुछ ऐसा
गौरतलब है कि पिछले साल अक्टूबर में डॉ. बी. आर. अंबेडकर कोनसीमा जिले के रायवरम मंडल में स्थित एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए विस्फोट में कम से कम छह मजदूरों की मौत हो गई थी और दो अन्य घायल हो गए थे। यह हादसा उस समय हुआ था, जब मजदूर पटाखे बनाने के काम में लगे हुए थे।
पुलिस ने मौतों की पुष्टि करते हुए आशंका जताई थी कि यह हादसा यूनिट में किसी तरह की लापरवाही के कारण हुआ। हालांकि, जिला पुलिस अधीक्षक राहुल मीणा ने बताया था कि पटाखा निर्माण इकाई लाइसेंस प्राप्त थी।
घायलों को इलाज के लिए काकीनाडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस आग की घटना पर गहरा दुख जताया था। राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर ने भी इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया था। उन्होंने जिला प्रशासन को घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की।
