Manipur Violence News: मणिपुर के सेनापति जिले के ताफू (Taphou) इलाके और उसके आसपास के क्षेत्रों में तड़के एक बार फिर हिंसा भड़क उठी। दो समूहों के बीच हुई झड़प और गोलीबारी के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का एक जवान घायल हो गया। इस दौरान उपद्रवियों ने एक घर को पूरी तरह जलाकर राख कर दिया, जबकि दो अन्य मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचाया है।
मणिपुर में फिर भड़की हिंसा
ये भी पढ़ें- धान के खेत में गड़े थे AK-56, M4 राइफलें और बम, मणिपुर में मिला हथियारों का बड़ा जखीरा; उड़े सुरक्षा बलों के होश
तड़के 2:40 बजे की घटना
एक प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार घटना तड़के लगभग 2:40 बजे की है। स्थानीय स्वयंसेवक डी. दिगाबू ने बताया कि वे गेट पर मौजूद थे, तभी अचानक पास के एक घर में आग की लपटें दिखाई दीं। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर भेजने की अपील की। पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद उपद्रवी घटना को अंजाम देकर दक्षिण दिशा की ओर भाग निकले। इस आगजनी में एक घर पूरी तरह जलकर खाक हो गया, जबकि दो अन्य घरों को क्षति पहुंची है।
गोलीबारी में CRPF जवान घायल
हिंसा और आगजनी की सूचना मिलते ही सुरक्षाबल मौके पर पहुंचे। इसी दौरान दो गुटों के बीच शुरू हुई गोलीबारी की चपेट में आने से ड्यूटी पर तैनात एक CRPF का जवान घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और साथी जवानों की मदद से घायल जवान को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी आम नागरिक के हताहत होने की खबर नहीं है।
पुलिस और सुरक्षाबल तैनात
मणिपुर पुलिस के मुताबिक, इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात कर दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि उपद्रवियों और हिंसा के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान की जा रही है तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
