Manali-Leh Heavy snowfall: हिमाचल प्रदेश में समय से पहले सर्दियों का नजारा देखने को मिला जब हिमालय ने एक सफेद चादर ओढ़ ली। केदारनाथ, गुलमर्ग और मनाली खुशनुमा सर्दियों के माहौल में तब्दील हो गए हैं और इस मौसम के जादू को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है। बीते दिनों सोमवार को राज्य के ऊंचे इलाकों में लगातार दूसरे दिन मध्यम से भारी बर्फबारी के बाद मनाली-लेह राजमार्ग बंद कर दिया गया, जबकि निचले और मध्यम ऊंचाई वाले पहाड़ों पर लगातार बारिश ने मौसम में ठंड बढ़ा दी।
मनाली-लेह हाईवे पर भारी बर्फबारी। Photo-PTI
कहां-कहां हुई बर्फबारी
सिस्सू, गोंधला, टांडी, जिस्पा, दारचा, सरचू और कोकसर सहित लाहौल स्पीति के अधिकांश हिस्सों में बर्फबारी की खबर है। भारी बर्फबारी के कारण दारचा और सरचू के बीच लेह राजमार्ग, कोकसर और लोस्सर के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग और दारचा से शिंकुला मार्ग ब्लॉक हो गया है। अधिकारियों ने जिले में अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी है।
बर्फबारी का वीडियो वायरल
अटल सुरंग और रोहतांग दर्रे जैसे लोकप्रिय पर्यटन मार्गों पर दूसरे दिन भी बर्फबारी हुई, जबकि लगभग 4,400 मीटर की ऊंचाई पर स्थित साच दर्रा ब्लॉक हो गया। किन्नौर और कुल्लू जिलों के ऊँचाई वाले इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई और कांगड़ा के धौलाधार पर्वतों पर भी ताजा बर्फबारी हुई है।
