PM मोदी को ‘आतंकवादी’ कहने पर घमासान: BJP बोली- वे जाकिर नाइक को शांतिदूत...; कांग्रेस ने क्या दिया जवाब, जानें

मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पीएम मोदी को आतंकवादी कहे जाने पर सियासी बवाल मच गया है। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने इसे लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सहित तमान कांग्रेसी नेता लगातार पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस नेता भी अपने अध्यक्ष के समर्थन में उतर आए हैं।

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा पीएम मोदी को आतंकवादी कहे जाने पर सियासी बवाल मच गया है। भाजपा ने उनके इस बयान को लेकर कांग्रेस की मानसिकता पर सवाल खड़े किए हैं। साथ ही खरगे के बयान को राजनीतिक षड्यंत्र बताया। भाजपा सांसद संबित पात्रा ने इसे लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सहित तमान कांग्रेसी नेता लगातार पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस नेता भी अपने अध्यक्ष के समर्थन में उतर आए हैं। कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने मल्लिकार्जुन खरगे का बचाव करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी एक गैर-मुद्दे को मुद्दा बनाने का प्रयास कर रही है।

kc venugopal and sambit patra

केसी वेणुगोपाल और संबित पात्रा।

कांग्रेस जाकिर नाइक को शांति का दूत कहती है और पीएम मोदी को आतंकी- संबित पात्रा

दरअसल, तमिलनाडु में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री मोदी को 'एक आतंकवादी जो समानता में विश्वास नहीं करता'कहकर विवाद खड़ा कर दिया। जिस पर अब भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया आई है। लोकसभा सांसद और भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री को आतंकी कहना कोई भूल नहीं है। अगर वह सफाई दे रहे हैं तो आप याद रखिए, ये कांग्रेस का जानबूझकर किया गया षड्यंत्र है। कुछ दिनों से हम सभी देख रहे हैं कि कांग्रेस के तमाम नेताओं समेत राहुल गांधी पीएम मोदी को लेकर किस तरह की अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने भाषणों में पीएम मोदी के लिए तू-तड़ाक की भाषा का इस्तेमाल करते हैं। आज तो हद हो गई, जब राहुल गांधी के कहने पर मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री को आतंकवादी कह दिया। ये वही पार्टी है, जो ओसामा बिन लादेन को ओसामा जी कहती है और बड़े-बड़े आतंकियों के साथ खड़ी रहती है। कांग्रेस जाकिर नाइक को शांति का दूत कहती है और पीएम मोदी को आतंकी।

वे असल में भारतीयों को ही आतंकवादी कह रहे- पीयूष गोयल

वहीं, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने 'एक्स'पोस्ट में कहा,"मुझे शर्म आती है कि कांग्रेस और डीएमके इतनी नीचता पर उतर आए हैं कि वे भारत की जनता द्वारा लोकतांत्रिक रूप से चुने गए प्रधानमंत्री का अपमान कर रहे हैं और उन्हें 'आतंकवादी' कह रहे हैं। राहुल गांधी और एमके स्टालिन को प्रधानमंत्री के साथ-साथ भारत की उस जनता के इस घोर अपमान के लिए माफी मांगनी चाहिए, जिसने उन्हें वोट देकर सत्ता में पहुंचाया है।"

End of Feed