LPG Tanker MV Sunshine: पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच एक और भारतीय ध्वज वाले जहाज ने सुरक्षित तौर पर होर्मुज स्ट्रेट को पार किया। इस जहाज में भारी मात्रा में एलपीजी लदी हुई है, जो लेकर टैंकर सीधा भारत आ रहा है और इस एलपीजी टैंकर की सुरक्षा में भारतीय नेवी सहित अन्य एजेंसियां तैनात हैं।
भारत आ रहा 15वां LPG टैंकर (प्रतीकात्मक तस्वीर)
भारत आ रहा 15वां LPG जहाज
समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से एलपीजी टैंकर वाले एमवी सनशाइन (MV Sunshine) जहाज के होर्मुज को पार करने की जानकारी साझा की। बकौल सूत्र, एलपीजी टैंकर एमवी सनशाइन जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट को पार कर लिया। यह फारस की खाड़ी (Persian Gulf) से सुरक्षित निकाला गया भारत आने वाला 15वां एलपीजी जहाज है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, एलपीजी टैंकर जहाज भारत की ओर बढ़ रहा है और उसकी सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए कई एजेंसियां लगातार समन्वय कर रही हैं। भारतीय नौसेना भी जहाज को सुरक्षा और आवश्यक सहायता प्रदान कर रही है ताकि वह बिना किसी खतरे के भारतीय जलक्षेत्र की ओर बढ़ सके। समुद्री ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, एलपीजी टैंकर सुरक्षित जलक्षेत्र में दाखिल हो गया है और भारतीय बंदरगाहों की ओर बढ़ रहा है।
ईरान के साथ कूटनीतिक वार्ता
भारत लगातार ईरान के साथ कूटनीतिक वार्ता कर रहा है, ताकि फारस की खाड़ी में फंसे हुए या भारत की ओर आने वाले कई जहाजों की सुरक्षित वापसी करा सकें। हाल ही में विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस वार्ता में इससे जुड़ी जानकारी साझा की थी।
उन्होंने बताया था कि हम ईरानी अधिकारियों के संपर्क में हैं, ताकि बाकी जहाजों की सुरक्षित वापसी करा सकें। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाल ही में ऐसे संकते मिले हैं कि होर्मुज जल्द ही फिर से खुल सकता है। हालांकि, इसको लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन ट्रंप ने कहा था कि वह कुछ समय के लिए रोक हटाकर देखना चाहते हैं।
