Land For Job Scam update: सीबीआई (CBI) के एक दल ने नौकरी के बदले जमीन (Land For Job Scam) के कथित घोटाला मामले की जांच के सिलसिले में बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से उनके आवास पर सोमवार को पूछताछ की।सीबीआई ने इस मामले में पहले ही आरोपपत्र दाखिल कर दिया है और विशेष अदालत ने पूर्व रेलवे मंत्री लालू प्रसाद और उनके परिवार के सदस्य तथा अन्य लोगों को 15 मार्च को अदालत में पेश होने के लिए समन भेजा है।
लालू और मीसा भारती से भी पूछताछ की जा सकती है
एजेंसी कथित घोटाला मामले में जांच कर रही है। सीबीआई का दल मामले में आगे की जांच के सिलसिले में ही पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से पूछताछ कर रहा है।अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय जांच एजेंसी का दल मामले में लालू प्रसाद के परिवार से कुछ और दस्तावेज भी मांग सकता है।
लालू प्रसाद यादव से भी होगी पूछताछ!
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक बताया जा रहा है कि अब लालू प्रसाद यादव से मंगलवार को सीबीआई का एक दल पूछताछ करेगा, राबड़ी देवी के बाद सीबीआई कि टीम लालू प्रसाद यादव से पूछताछ करने पहुंचेगी, सूत्रों के अनुसार सीबीआई की टीम मंगलवार को लालू प्रसाद यादव से पूछताछ कर सकती है।
मीसा भारती तक भी पहुंच सकता है पूछताछ का दायरा
कहा ये भी जा रहा है कि लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की बड़ी बेटी मीसा भारती से भी मंगलवार को पूछताछ की जा सकती है, गौर हो कि सीबीआई की टीम जमीन के बदले नौकरी घोटाला मामले में पूर्व सीएम राबड़ी देवी घर पहुंची, जहां सीबीआई के अधिकारी राबड़ी देवी से पूछताछ की।
'जो बोया था, वही काट रहे हैं'
बीजेपी की बिहार इकाई के नेताओं ने सोमवार को जोर देकर कहा कि सीबीआई राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के खिलाफ दर्ज मामलों में एक 'स्वतंत्र एजेंसी' के रूप में 'अपना काम' कर रही है और लालू ने 'जो बोया था, वही काट रहे हैं।' बीजेपी नेताओं ने रेलवे में नौकरी के बदले भूखंड मामले में 'आगे की जांच' के सिलसिले में सीबीआई की एक टीम के लालू की पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के पटना स्थित आवास पर पहुंचने के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में उक्त टिप्पणी की।
'लालू का CBI से लंबे समय से पाला पड़ता आया है'
बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राज्य के पूर्व मंत्री नितिन नबीन ने कहा, 'लालू प्रसाद का सीबीआई से लंबे समय से पाला पड़ता आया है। चारा घोटाला से जुड़े मामले, जिनमें उन्हें दोषी ठहराया गया है, भाजपा के सत्ता में आने से बहुत पहले दर्ज किए गए थे।'
