लद्दाख के लेह में बुधवार को हुई व्यापक हिंसा और झड़पों के बाद हालात बिगड़ने पर प्रशासन ने गुरुवार से अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया है। पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने पूरे क्षेत्र में सख्त सुरक्षा व्यवस्था कर दी है। अधिकारियों के अनुसार, अब तक करीब 50 लोगों को हिंसा में शामिल होने के आरोप में हिरासत में लिया गया है।
लद्दाख के लेह में हुई हिंसा के बाद 50 लोग गिरफ्तार।(फोटो सोर्स: पीटीआई)
प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी दफ्तर में लगाई आग
जानकारी के मुताबिक, लेह एपेक्स बॉडी (LAB) द्वारा राज्य का दर्जा और छठी अनुसूची लागू करने की मांग को लेकर बुलाए गए बंद के दौरान हालात बेकाबू हो गए। प्रदर्शनकारियों ने बीजेपी कार्यालय और कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। वहीं, हिल काउंसिल मुख्यालय में तोड़फोड़ भी की। इस हिंसा में 4 लोगों की मौत हुई और 80 से अधिक लोग घायल हुए, जिनमें तीन नेपाली नागरिक भी शामिल हैं।
इन जगहों पर कर्फ्यू लागू
हालात को काबू में करने के लिए कर्गिल, जांस्कर, नुब्रा, द्रास और अन्य इलाकों में भी धारा 163 के तहत पांच से अधिक लोगों के जुटने पर पाबंदी लगा दी गई है। जिला प्रशासन ने लाउडस्पीकर, जुलूस और सार्वजनिक बयानों पर भी रोक लगा दी है ताकि माहौल शांत किया जा सके।
इस बीच, जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक, जो भूख हड़ताल पर थे, ने हिंसा भड़कने के बाद अपना अनशन खत्म कर दिया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे हिंसा छोड़कर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखें। वांगचुक ने कहा कि यह लद्दाख के लिए दुखद दिन है क्योंकि अब तक आंदोलन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था, लेकिन हालिया हिंसा ने उस संदेश को कमजोर किया है।
