Ketan Murder Case: पुणे के मशहूर पर्यटन स्थल लोहागढ़ किले में हुए 26 वर्षीय युवा बिजनेसमैन केतन अग्रवाल हत्याकांड (Ketan Hatyakand) में लोनावला ग्रामीण पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। रविवार को पुलिस ने इस मामले के सह-आरोपी चेतन चौधरी की दोपहिया गाड़ी (बाइक) को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, चेतन ने वारदात के दिन इसी गाड़ी का इस्तेमाल पुणे से लोहागढ़ किले (lohagad fort case) तक जाने के लिए किया था।
केतन अग्रवाल हत्याकांड
इसके अलावा पुलिस ने घटना के वक्त आरोपी द्वारा पहनी गई हुडी और उसके हेडफोन को भी बरामद कर लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने जब्त की गई बाइक और कपड़ों की गहन जांच की है ताकि पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें। इस बीच जांच का दायरा बढ़ाते हुए पुलिस ने इस केस की मुख्य आरोपी और मृतक केतन की मंगेतर सिया गोयल के माता-पिता (प्रवीण गोयल और पूजा गोयल) को भी लोनावला पुलिस स्टेशन बुलाकर पूछताछ की है।
क्या है पूरा मामला?
शुरुआत में 18 जून को केतन अग्रवाल की लोहागढ़ किले से गिरकर मौत होने की खबर आई थी, जिसे बाद में हत्या का मामला पाया गया। पुलिस जांच में यह बात सामने आ रही है कि मुख्य आरोपी सिया गोयल फिलहाल शादी नहीं करना चाहती थी। वह अपने परिवार की तरफ से केतन के साथ शादी करने के भारी दबाव में थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: वेनेजुएला में नहीं थम रहे भूकंप के झटके, फिर कांपी धरती; कितनी रही तीव्रता और कितना हुआ नुकसान?
इसी वजह से उसने अपने दोस्त चेतन चौधरी के साथ मिलकर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया। पुलिस ने सिया और चेतन दोनों को 23 जून को गिरफ्तार किया था और वे फिलहाल 29 जून तक पुलिस रिमांड पर हैं।
फास्ट-ट्रैक कोर्ट और उज्ज्वल निकम की एंट्री
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने इस मामले को फास्ट-ट्रैक कोर्ट में चलाने की मंजूरी दे दी है। देश के जाने-माने सरकारी वकील और राज्यसभा सांसद उज्ज्वल निकम को इस केस के लिए विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया गया है। यह फैसला केतन के पिता द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से पुणे में मुलाकात कर जल्द न्याय की गुहार लगाने के बाद लिया गया।
