Karnataka MLC Poll Result: झारखंड में राज्यसभा चुनाव में भले की कांग्रेस के साथ खेला हो गया हो, लेकिन कर्नाटक विधान परिषद के चुनाव में ग्रैंड ओल्ड पार्टी ने ही खेला करवा दिया। विधान परिषद (MLC) की सात सीटों के लिए गुरुवार को हुए मतदान के नतीजे सामने आ गए। डीके शिवकुमार के सत्ता संभालने के बाद पहली चुनावी लड़ाई में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने सात सीटों में से पांच पर जीत दर्ज की, जबकि विपक्षी भाजपा के खाते में महज दो सीटें ही आ सकीं।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार (फोटो साभार: @DKShivakumar)
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, भाजपा और जनता दल (सेक्युलर) दोनों ही दलों के विधायकों की ओर से 'क्रॉस-वोटिंग' की गई, क्योंकि कांग्रेस उम्मीदवारों को उम्मीद से ज्यादा वोट मिले। कर्नाटक विधानसभा के सदस्यों ने विधान सौध में हुए चुनाव में मतदान किया। सात सीटों के चुनाव में आठ उम्मीदवार मैदान में थे। ऐसे में सभी 222 विधायकों ने अपने वोट डाले।
अधिकारियों ने बताया कि चुनाव जीतने के लिए प्रत्येक उम्मीदवार को कम से कम 28 मतों की जरूरत है। विधानसभा में संख्या बल के आधार पर, कांग्रेस और भाजपा के क्रमशः चार और दो सीटें आसानी से जीतने की संभावना थी, लेकिन कांग्रेस ने पांच सीटों पर कब्जा कर लिया।
किस-किस ने लड़ा चुनाव?
चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों में कांग्रेस के थिप्पन्नप्पा कामकनूर, पी.वी. मोहन, बी.के. हरिप्रसाद (प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष), शिवन्ना बी एस, और विनय कार्तिक प्रकाश तथा भाजपा के लिंगराज पाटिल और रघु आर और जद (एस) के गोविंदराजू शामिल हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस को झटका, भाजपा समर्थित निर्दलीय परिमल नाथवानी और JMM के बैजनाथ राम ने मारी बाजी
विधान परिषद का चुनाव हारे गोविंदराजू
कांग्रेस के पांचों उम्मीदवारों और भाजपा के दोनों उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जबकि जद(एस) के गोविंदराजू को हार का सामना करना पड़ा। यह चुनाव कराने की इसलिए जरूरत पड़ी, क्योंकि विधान परिषद के सात सदस्यों का कार्यकाल 30 जून को समाप्त होने वाला है। इनमें कांग्रेस के नसीर अहमद, टिप्पन्नाप्पा और बी. के. हरिप्रसाद, भाजपा के एन. नागराजू (एमटीबी), प्रताप एस. नायक के. और सुनील वल्लयापुर तथा जद (एस) के गोविंदराजू शामिल हैं।
