Student Protest: राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब युवाओं की प्राथमिकता है तो पहले क्यों नहीं उनके बारे में सोचा गया। जब पेपर लीक हो रहे थे तब तो आप मौन थे। 23 दिन से ज्यादा बच्चे अनशन पर थे तब पीएम मोदी को उनका ख्याल नहीं आया।
राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल
पीएम मोदी पर बरसे सिब्बल
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में कपिल सिब्बल ने पीएम मोदी को घेरते हुए कहा, ''अगर युवा सरकार की प्राथमिकता हैं, तो उनके बारे में पहले क्यों नहीं सोचा गया? जब पेपर लीक हो रहे थे, तब आप मौन थे। बच्चे 23 दिनों से ज्यादा समय तक अनशन पर बैठे रहे तब उनका ख्याल नहीं आया...।''
उन्होंने दावा किया कि नीट की परीक्षा के लिए पिछले साल 23 लाख बच्चों को 3000-3000 रुपये देना पड़ा। इससे एनटीए ने लगभग 600 करोड़ रुपये कमाए। उस पर आपका ध्यान नहीं गया और जब कहा गया कि पुरानी फीस वापस होगी तो अभी तक फीस वापस नहीं हुई। आप बच्चों की क्या बात करते हैं?
'संसद में गतिरोध के लिए सरकार जिम्मेदार'
इस दौरान, कपिल सिब्बल ने सरकार की प्राथमिकता पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, ''आपका मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री क्या काम कर रहा है? वह सीट पर बैठकर जय श्रीराम के नारे लगा रहे हैं तो आपकी प्राथमिकता कुछ और है...। सबसे पहले तो आप अपने मंत्रियों और पार्टी के नेताओं पर फास्ट ट्रैक बैठाइये। तब तो हम मानेंगे कि प्रधानमंत्री चिंतित हैं।''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: भावुक हुए अन्ना हजारे का छात्रों के समर्थन में मौन आंदोलन, तबीयत बिगड़ने पर गांधी मेमोरियल से निकले
उन्होंने आगे संसद में गतिरोध के लिए सरकार को ही जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि देश में इनका हिंदू-मुस्लिम का ही एकमात्र एजेंडा है। क्या 2014 के बाद सरकार ने कभी शिक्षा की बात की? क्या सदन में शिक्षा को लेकर चर्चा हुई या उनके भाषणों में शिक्षा का जिक्र किया गया? उन्होंने प्रधानमंत्री से देश के भविष्य के बारे में सोचने की अपील की।
