Mess at Terminal 3 : केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बुधवार को कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में यात्रियों का आगमन 'अप्रत्याशित' था। एयरपोर्ट पर व्यवस्था सुचारु रूप से चलाने एवं अव्यवस्था ठीक करने के लिए कदम उठाए गए हैं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि फिर भी स्थिति को सामान्य होने में सात से 10 दिनों का समय लगेगा। बता दें कि मंगलवार को कई विमानन कंपनियों ने यात्रियों से तीन से साढ़े तीन घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचने के लिए कहा। बीते कुछ दिनों से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 पहुंचने वाले यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर असुविधाओं से परेशान हुए हैं यात्री।
यात्रियों को पहले पहुंचने के लिए कहा गया
टर्मिनल पर चेक इन एवं बोर्डिंग में यात्रियों को परेशानी न हो इससे उन्हें बचाने के लिए विमानन कंपनियों ने उनसे समय से काफी पहले पहुंचने के लिए कहा। विमानन कंपनी इंडिगो ने अपने यात्रियों से कहा कि वे विमान में सवार होने के लिए प्रस्थान समय से कम से कम साढ़े तीन घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचें। साथ ही उसने कम संख्या में सामान लाने की अपील की। जबकि एयर इंडिया ने अपने यात्रियों से चार घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचने के लिए कहा।
हमने आपात व्यवस्थाएं कीं-सिंधिया
समाचार चैनल एनडीटीवी के साथ खास बातचीत में सिंधिया ने कहा, 'सर्दी के त्योहारी सीजन में एयरपोर्ट पर इतनी बड़ी संख्या में यात्री आएंगे, इसके बारे में किसी ने उम्मीद नहीं की थी। एयरपोर्ट पर सुविधाओं को देखना एवं उसकी उचित व्यवस्था करना एयरपोर्ट ऑपरेटर का काम है। एयरपोर्ट संचालन की व्यवस्था संभालने वाले सभी ऑपरेटरों के साथ मेरी बैठक हुई है।' उन्होंने कहा कि यात्रियों की भारी भीड़ टर्मिनल के प्रवेश द्वार से लेकर चेक-इन प्वाइंट तक जा पहुंची। इसे देखते हुए हमने कुछ आपात व्यवस्थाएं कीं।
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा, 'यदि गेट नंबर छह पर 20 मिनट की प्रतीक्षा डिस्प्ले हो रही है और गेट नंबर 11 पर यह प्रतीक्षा अगर दो मिनट की है तो गेट नंबर छह के यात्रियों को तुरंत गेट नंबर 11 पर भेजा जाना चाहिए। इसके बारे में डिस्प्ले पर भी सूचना दी जानी चाहिए। अब इस तरह की चीजें की जा रही हैं।'
चेक प्वाइंट्स को 20 किया जाएगा
सिंधिया ने बताया कि एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के चेक प्वाइंट्स 11 हैं, उन्हें बढ़ाकर 20 किया जाएगा। अभी ऐसे प्वाइंट्स 17 हैं। उन्होंने कहा, 'हमने एयरपोर्ट पर गैर जरूरी सभी बैरिकेड्स हटा दिए हैं। एयरपोर्ट पर चीजें सात से 10 दिनों के भीतर सुधरेंगी। व्यवस्था सुचारु करने में सभी विमानन कंपनियों का सहयोग भी जरूरी है। ऐसे में व्यवस्था पूरी तरह से सामान्य होने में कुछ दिन और लगेंगे।'
