जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (जेल) हेमंत लोहिया (57) का घर पर कत्ल कर दिया गया। जम्मू की इस घटना में पुलिस को उनके नौकर (धरेलू सहायक) जसीर पर शक है। पुलिस डीजी दिलबाग सिंह ने इस वारदात को "बेहद दुर्भाग्यपूर्ण" घटना बताया। साथ ही कहा कि घरेलू सहायक फरार है, जिसे पकड़ने में टीमें लगी हैं। समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा से वह आगे बोले- संदिग्ध ने लोहिया की लाश को जलाने की कोशिश भी की थी।
लोहिया को अगस्त में केंद्र शासित प्रदेश के जेल महानिदेशक के रूप में पदोन्नत और नियुक्त किया गया था।
अतिरिक्त पुलिस डीजी (जम्मू) मुकेश सिंह के मुताबिक, साल 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी लोहिया शहर के बाहरी इलाके में अपने उदयवाला निवास पर मृत मिले। उनका गला रेता गया था और उनके शरीर पर जलने के निशान थे। मौके की शुरुआती जांच से संकेत मिलता है कि लोहिया ने अपने पैर में कुछ तेल लगाया होगा, जिसमें कुछ सूजन थी।
जम्मू-कश्मीर में DG जेल हेमंत लोहिया का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला लग रहा है… t.co/dzw5m3gqHT
— ANI (@ANI) Oct 3, 2022
उन्होंने आगे कहा- हत्यारे ने पहले लोहिया को गला घोंटकर मौत के घाट उतारा। फिर उनके गले को काटने के लिए केचप की टूटी हुई बोतल का इस्तेमाल किया था। बाद में शव को आग लगाने की कोशिश की। अधिकारी के आवास पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने लोहिया के कमरे के अंदर आग देखी और उन्होंने दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण इसे तोड़ दिया।
अतिरिक्त पुलिस डीजी के अनुसार, घटनास्थल की प्रारंभिक जांच हत्या की ओर इशारा कर रही है। उन्होंने कहा, "घरेलू सहायक फरार है। उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।" उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक और अपराध दल मौके पर हैं। अधिकारी ने जानकार दी, "जांच प्रक्रिया शुरू हो गई है। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर हैं।"
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस परिवार अपने वरिष्ठ अधिकारी की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करता है। लोहिया को अगस्त में केंद्रशासित प्रदेश के जेल डीजी के तौर पर पदोन्नत और नियुक्त किया गया था।
