Nitish Kumar: बिहार विधानसभा में गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व सीएम जीतन राम मांझी के बीच तीखी बहस देखने को मिली। मामला यहां तक पहुंच गया कि नीतीश कुमार ने जीतन राम मांझी को मुख्यमंत्री बनाने के अपने निर्णय को मूर्खतापूर्ण बता दिया।
नीतीश कुमार
दरअसल, विधानसभा में जातिगत सर्वेक्षण और आरक्षण का दायरा बढ़ाने पर चर्चा हो रही थी। इसी दौरान जीतन राम मांझी ने जातिगत जनगणना पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, हम नहीं मानते कि बिहार की जातिगत जनगणना सही हुई है। अगर आंकड़े गलत हैं तो सही लोगों तक सरकार द्वारा दिया जाने वाला लाभ नहीं पहुंचेगा। इतना कहते ही नीतीश कुमार भड़क गए और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
नीतीश कुमार ने क्या कहा?
जीतन राम मांझी को लेकर नीतीश कुमार ने कहा कि इस आदमी को कोई आइडिया नहीं है। हमने इसको मुख्यमंत्री बना दिया। दो महीने के बाद हमारी ही पार्टी के लोग कहने लग गए कि इसको हटाइए। ये गड़बड़ आदमी है। फिर हम मुख्यमंत्री बन गए। नीतीश कुमार ने कहा, यह कहता रहता है कि ये मुख्यमंत्री था। ये क्या मुख्यमंत्री था? ये मेरी मूर्खता से सीएम बना था। इस आदमी को कोई सेंस नहीं है।
मांझी ने किया पलटवार
विधानसभा में तीखी बहस के बाद जीतन राम मांझी बाहर निकले और मीडिया से मुखातिब हुए। इस दौरान उन्होंने नीतीश कुमार पर बड़ा हमला किया। मांझी ने कहा, नीतीश कुमार ने कोई क्वालिटी देखकर मुझे मुख्यमंत्री नहीं बनाया था। उन्होंने कहा, वो संकट में थे तो मुसहर-भुंइया है, सीधा है, ये सोचकर मुख्यमंत्री बना दिया। उन्होंने कहा, नीतीश कुमार ने सोचा कि जो कहेंगे, करता रहेगा। लेकिन जब मैं काम करने लगा तो इन्हें अपनी कुर्सी पर खतरा नजर आने लगा। उन्होंने कहा, नीतीश कुमार तुम ताम करने लगे, अनाप-शनाप बोलने लगे। उनकी मानसिक स्थिति खराब हो गई है। मैं उम्र में उनसे बड़ा हूं, राजनीति में भी उनसे पहले आया था फिर वे कैसे मुझे तुम-ताम बोल सकते हैं।
