Manipur News: मणिपुर में नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने NDA से अलग रहने का फैसला किया है। मणिपुर में जदयू ने साफ कर दिया है कि वो बीजेपी सरकार को सपोर्ट नहीं करेगी और विपक्ष की भूमिका निभाएगी। पार्टी ने अपने इस फैसले की जानकारी राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को दे दी है। जदयू ने बुधवार को कहा कि पार्टी के एकमात्र विधायक मोहम्मद अब्दुल नासिर अब विपक्षी खेमे में बैठेंगे।
मणिपुर में जेडीयू का रास्ता बीजेपी से अलग
ये भी पढ़ें- NDA छोड़ने की खबरों पर अब आई जीतन राम मांझी की सफाई, कहा- मरते दम तक पीएम मोदी का साथ नहीं छोडूंगा
लेटर में क्या लिखा
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष के. बीरेन सिंह ने राज्यपाल को लिखे पत्र में कहा- ''फरवरी/मार्च 2022 में हुए मणिपुर विधानसभा चुनाव में जदयू के छह उम्मीदवार फिर से जीते थे, जिनमें से पांच विधायक कुछ ही महीनों बाद भाजपा में शामिल हो गये थे। इन पांच विधायकों के खिलाफ दसवीं अनुसूची के तहत सुनवाई विधानसभा अध्यक्ष के अधिकरण में लंबित है। इस प्रकार, मणिपुर में जेडी(यू) के एकमात्र विधायक मोहम्मद अब्दुल नासिर को विधानसभा के पिछले सत्र में विपक्ष की बेंच पर बैठाया गया है। यह भी दोहराया जाता है कि जेडी(यू), मणिपुर इकाई मणिपुर में भाजपा के नेतृत्व वाली राज्य सरकार का समर्थन नहीं करती है, और हमारे एकमात्र विधायक मोहम्मद अब्दुल नासिर को सदन में विपक्षी विधायक के रूप में माना जाएगा।’’
सरकार पर कोई प्रभाव नहीं
हालांकि, जदयू के इस कदम का बीरेन सिंह सरकार पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा क्योंकि 60 सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पास 37 सीट हैं। इसके अलावा, भाजपा को नगा पीपुल्स फ्रंट के पांच विधायकों और तीन निर्दलीय विधायकों का भी समर्थन प्राप्त है।
