एनडीए छोड़ने की धमकी देने वाली बात पर अब जीतन राम मांझी की सफाई आ गई है। जीतन राम मांझी ने कहा कि वो मरते दम तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साथ नहीं छोड़ेंगे। जीतन राम मांझी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुझे जो इतना बड़ा पद पीएम नरेंद्र मोदी ने दिया है, वह कोई मामूली बात नहीं है। दिल्ली चुनाव में मैं पूरी तरह से एनडीए के पक्ष में हूं।
किस बात पर बढ़ा था विवाद
IANS की रिपोर्ट के अनुसार मुंगेर में जीतन राम मांझी ने कहा था कि हमें एनडीए में तवज्जो नहीं दी जा रही है। पहले झारखंड में, अब दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी हमारी पार्टी को एक भी सीट नहीं दी गई है। ऐसा लगता है कि अब हमें अपना वजूद दिखाना पड़ेगा। उन्होंने मंच से कहा कि जब लोग हमारे साथ हैं, मेरे पास वोट है तो हमें सीट क्यों नहीं मिली। ये प्रश्न करना है मुझे। हमारा स्टैंड साफ है, जो हमारा अस्तित्व है, उसके मुताबिक हमें सीट दो। हम अपने नहीं, दलितों के फायदे के लिए सीट मांग रहे हैं। मेरी बात आगे नहीं बढ़ती है तो लग रहा है कि मुझे मोदी कैबिनेट छोड़ना पड़ेगा। उन्होंने सवाल करते हुए आगे कहा कि ये न्याय है क्या? हमारा कोई अस्तित्व नहीं है क्या? वह (भाजपा) समझते हैं कि हमारा कोई अस्तित्व नहीं है, इसलिए तो हमें सीट नहीं दी गई। अगर उनके पास वोट हैं तो उन्हें सीट क्यों नहीं मिल रही है?अब मांझी ने क्या कहा
जीतन राम मांझी ने कहा- "मैंने मुंगेर की सभा में हो रही देरी को लेकर कहा था कि “आप लोग लेट कर रहें हैं जिसके कारण मेरी फ्लाइट छूट जाएगी और मुझे कैबिनेट छोड़ना पड़ेगा” वैसे लोगों को मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि मैं मरते दम तक माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी का साथ नहीं छोडूंगा। हम सब अभी देश और बिहार के हित का कार्य कर रहें हैं।"
