Chandrayaan 3: इसरो के बहुप्रतीक्षित मिशन चंद्रयान-3 को लेकर इंतजार खत्म हो चुका है। इसरो की ओर से इस मिशन की लॉन्च डेट की घोषणा की गई है। जानकारी के मुताबिक, चंद्रयान-3 को 13 जुलाई को दोपहर 2:50 बजे लॉन्च किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार, चंद्रयान-3 को आंध्र प्रदेश स्थित श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपण यान मार्क-3 के जरिये प्रक्षेपित किया जाएगा।
इसरो ने चंद्रयान-3 मिशन की लॉन्च तिथि की घोषणा की
चंद्रमा की सतह पर सुरक्षित रूप से उतरने और वहां गतिविधियां करने की क्षमता प्रदर्शित करने के लिए चंद्रयान-2 के बाद का यह एक अभियान है। चंद्रयान-3 मॉड्यूल लैंडर और रोवर को 100 किलोमीटर तक चंद्रमा की कक्षा में ले जाएगा। इसमें, चंद्रमा की कक्षा से पृथ्वी के ध्रुवीय मापन का अध्ययन करने के लिए एक स्पेक्ट्रो-पोलरमेट्री पेलोड भी जोड़ा गया है। इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ ने कहा है कि वर्तमान में चंद्रयान 3 अंतरिक्ष यान पूरी तरह से एकीकृत है। हमने परीक्षण पूरा कर लिया है।
ऐसा करने वाला भारत बनेगा चौथा देश
अगर चंद्रयान-3 की लॉन्चिंग सफल रहती है तो भारत ऐसा करने वाला चौथा देश बन जाएगा। इससे पहले अमेरिका, रूस और चीन चंद्रमा पर अपने मिशन को पूरा कर चुके हैं। बता दें, भारत ने 22 जुलाई 2019 को चंद्रयान-2 मिशन लॉन्च किया था। हालांकि, 2 महीने बाद इस मिशन का सफर खत्म हो गया था। चंद्रमा के साउथ पोल पर उतरने की कोशिश कर रहा विक्रम लैंडर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
सूर्य की स्टडी करेगा आदित्य-एल1
इसरो अगस्त में अपना पहला मिशन आदित्य एल-1 भी लॉन्च कर सकता है। यह भारत का पहला मिशन होगा जो सूर्य के कोरोना का अध्ययन करेगा। इसरो प्रमुख एस सोमनाथ ने सूर्य का अध्ययन करने के लिए भारत के पहले मिशन, आदित्य-एल1 मिशन पर अपडेट दिया। उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य है कि 10 अगस्त तक इसका प्रक्षेपण कर सकें। हालांकि, आदित्य एल-1 को लेकर फाइनल डेट अभी नहीं आई है।
