Neha Vora: ऑल इंडिया स्टूडेंट एसोसिएशन (AISA) की अध्यक्ष नेहा वोरा पर शुक्रवार को स्याही फेंकी गई। छात्रों की मांगों को लेकर विधानसभा का घेराव करने के लिए AISA के मार्च के दौरान वोरा पर एक युवक ने स्याही फेंकी। इस घटना के दौरान वहां अफर-तफरी मच गई। इससे पहले प्रवेश एवं भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के खिलाफ जारी छात्रों के प्रदर्शन को नेहा ने अपना समर्थन दिया। वोरा ने कहा कि जेपीएससी की परीक्षा दोबारा कराए जाने की छात्रों की मांग का AISA अपना पूरा समर्थन देता है। वोरा ने 14वें जेपीएससी परीक्षा को तुरंत रद्द करने की मांग की।
छात्रों के प्रदर्शन को समर्थन देने रांची पहुंची हैं नेहा वोरा।
छात्र स्याही से नहीं डरेंगे-नेहा वोरा
स्याही फेंके जाने की घटना प्रतिक्रिया देते हुए नेहा वोरा ने कहा कि 'बीते 20 जुलाई को दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर आंसू गैस के गोले दागे गए, लाठी चार्ज किया गया, पैलेट गन का इस्तेमाल हुआ, छात्र इससे नहीं डरे तो वे स्याही से कैसे डर जाएंगे?'
वोरा के ऊपर स्याही फेंकने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस उसे अपने साथ लेकर गई।
एकजुटता और समर्थन देना चाहती हूं-वोरा
उन्होंने कहा, 'मैं उस दर्द को समझती हूं जो साथियों के भूख हड़ताल पर जाने पर महसूस होता है। इसलिए, इस स्टेडियम में भूख हड़ताल पर बैठे सभी साथियों को बहुत-बहुत बधाई। पूरा देश आपके इस संघर्ष को देख रहा है। इस मंच से, मैं यहां भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों की मांगों को अपनी एकजुटता और समर्थन देना चाहती हूं।'
'14वीं जेपीएससी को तुरंत रद्द किया जाए'
वोरा ने कहा कि 'पहली मांग जिसका हम समर्थन करते हैं, वह जेपीएससी परीक्षा को लेकर है, जहां भारी भ्रष्टाचार सामने आया है। जेपीएससी, जिसने पहली और दूसरी परीक्षा से ही लगातार घोटाले देखे हैं, और आज 14वीं जेपीएससी में भी हम देख रहे हैं। यह पूरे देश में कुख्यात हो चुका है कि अगर जेपीएससी परीक्षा होगी, तो भ्रष्टाचार भी होगा। जेपीएससी परीक्षाओं के संचालन के लिए एक सही व्यवस्था बनाने हेतु 14वीं जेपीएससी को तुरंत रद्द किया जाना चाहिए। इसकी जगह पुनः परीक्षा की तिथि और समय सारणी घोषित की जानी चाहिए ताकि सही समय पर भर्ती हो सके। यह पहली मांग है जिसका हम समर्थन करते हैं।'
वोरा ने दूसरी मांग का जिक्र करते हुए कहा कि जेएसएससी सीजीएल में जो भ्रष्टाचार हुआ है, जिसका खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है, उस परीक्षा को भी रद्द कर तुरंत पुनः परीक्षा आयोजित की जानी चाहिए।
अनशन पर पांच प्रदर्शनकारी
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेता देवेंद्र नाथ महतो की भूख हड़ताल में दो महिलाओं समेत पांच प्रदर्शनकारी मंगलवार रात शामिल हुए थे। महतो पिछले छह दिन से भूख हड़ताल पर हैं। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर हाल में दिल्ली में 26 दिन की भूख हड़ताल करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने बुधवार को महतो से फोन पर बात की और उनसे आग्रह किया कि वह कम से कम पानी पी लें। इसके बाद महतो ने पानी पीना शुरू कर दिया।
