IndiGo Crisis: इंडिगो की मूल कंपनी इंटरग्लोब एविएशन ने स्थिति पर नजर रखने के लिए संकट प्रबंधन समूह का गठन किया है। कंपनी की ओर से जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई है। इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा, इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड (इंडिगो) के निदेशक मंडल की बैठक उसी दिन हुई जब उड़ानों के रद्द होने और देरी की समस्या उत्पन्न होने के पहले ही दिन सदस्यों को प्रबंधन से संकट की प्रकृति और विस्तार के बारे में विस्तृत जानकारी मिली। इस बैठक के बाद सिर्फ बोर्ड सदस्यों के लिए एक सत्र आयोजित किया गया, जिसमें एक संकट प्रबंधन समूह (सीएमजी) गठित करने का निर्णय लिया गया, जिसमें अध्यक्ष विक्रम सिंह मेहता, बोर्ड निदेशक ग्रेग सारेत्स्की, माइक व्हिटेकर और अमिताभ कांत, और सीईओ पीटर एल्बर्स शामिल थे। यह समूह स्थिति पर नजर रखने के लिए नियमित रूप से बैठकें कर रहा है और सामान्य परिचालन बहाल करने के लिए किए जा रहे उपायों के बारे में प्रबंधन द्वारा इसे लगातार जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा, कई बार टेलीफोन पर चर्चा हुई है, जिसमें उन निदेशकों के साथ भी चर्चा हुई है जो सीएमजी के सदस्य नहीं हैं।
इंडिगो के यात्री परेशान, कंपनी ने जारी किया बयान (PTI)
इंडिगो ने मुंबई और दिल्ली हवाई अड्डों पर 220 से ज्यादा उड़ानें रद्द कीं
उधर, इंडिगो के यात्री रविवार को भी दिनभर हलकान रहे। इंडिगो ने रविवार को दिल्ली और मुंबई हवाई अड्डों पर 220 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दीं। यह व्यवधान छठे दिन भी जारी रहा, परिचालन सामान्य करने के प्रयास जारी हैं। इन व्यवधानों के कारण पिछले कुछ दिनों में सैकड़ों उड़ानें रद्द और विलंबित हुई हैं, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। सूत्रों ने बताया कि मुंबई हवाई अड्डे पर कम से कम 112 और दिल्ली हवाई अड्डे पर 109 उड़ानें रद्द की गईं।
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार को अपनी 2,300 दैनिक उड़ानों में से लगभग 1,600 उड़ानें रद्द करने के बाद, शनिवार को एयरलाइन की उड़ानों में व्यवधान कम हुआ और रद्दीकरण की संख्या घटकर लगभग 800 रह गई। इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स और सीओओ एवं जवाबदेह प्रबंधक पोरक्वेरास को शनिवार को डीजीसीए का नोटिस मिला, जिसमें उड़ानों में बड़े पैमाने पर व्यवधान के बारे में 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया था।
इंडिगो ने एक बयान में कहा था, मुख्य उद्देश्य (शुक्रवार को केवल 700 उड़ानें संचालित करने का) नेटवर्क, सिस्टम और रोस्टर को रीबूट करना था, ताकि हम आज (शनिवार) अधिक संख्या में उड़ानों, बेहतर स्थिरता के साथ नए सिरे से शुरुआत कर सकें और सुधार के कुछ शुरुआती संकेत भी मिले हैं।
एयरलाइन ने कहा कि उसने शनिवार को 1,500 उड़ानें संचालित कीं। एल्बर्स और पोरक्वेरस को भेजे गए नोटिस में, नियामक ने कहा कि बड़े पैमाने पर परिचालन विफलताएं योजना, निरीक्षण और संसाधन प्रबंधन में गंभीर खामियों का संकेत देती हैं। नोटिस में जिक्र किया गया है कि उड़ान में रुकावट का मुख्य कारण एयरलाइन के लिए स्वीकृत एफडीटीएल (उड़ान ड्यूटी समय सीमा) योजना के सुचारू कार्यान्वयन हेतु संशोधित आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था न करना है।
