Indigo Flight Cancel or Delayed: देश की सबसे बड़ी एयरलाइन विमानन कंपनियों में से एक इंडिगो के लिए शुक्रवार का दिन किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। गुरुवार को 550 से ज्यादा घरेलू और इंटरनेशनल फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं, जबकि कई उड़ानें देरी से टेकऑफ कीं जिसकी वजह से हवाई यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
लगातार दूसरे दिन इंडिगो की कई फ्लाइट्स कैंसिल।(फोटो सोर्स: indigo x handle)
रोजाना 200 फ्लाइट्स हो रही कैंसिल
यह परेशानी दिल्ली, बेंगलुरू या हैदराबाद एयरपोर्ट तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर के एयरपोर्ट और हवाई यात्री प्रभावित हुए। विमानन नियामक डीजीसीए के मुताबिक, इंडिगो की रोजाना लगभग 170-200 फ्लाइट्स कैंसिल हो रही हैं, जो सामान्य से काफी ज्यादा है।
यात्रियों को हो रही परेशानियों पर विमानन कंपनी ने चिंता जाहिर की है। एयरलाइन ने कहा है कि इस व्यवधान से प्रभावित हुए यात्रियों और उद्योग से जुड़े सभी हितधारकों से वह दिल से माफी मांगती है।
IndiGo के अनुसार, उनकी टीमें नागरिक उड्डयन मंत्रालय, डीजीसीए, बीसीएएस, एएआई और विभिन्न हवाईअड्डा संचालकों के सहयोग से स्थिति को सामान्य करने में लगातार जुटी हैं। कंपनी का कहना है कि वह देरी के "कास्केडिंग इफेक्ट" को कम करने और संचालन को जल्द से जल्द सुचारू करने की दिशा में हर संभव कदम उठा रही है।
क्या की यात्रियों से अपील?
एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हवाईअड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ानों की नवीनतम स्थिति अवश्य जांच लें। कंपनी ने इसके लिए अपने आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर फ्लाइट-स्टेटस लिंक उपलब्ध कराया है। IndiGo ने कहा कि वह यात्रियों की असुविधा को पूरी तरह समझती है और सेवाओं को शीघ्रता से स्थिर करने पर केंद्रित है।
उड़ानों की संख्या कम करेगी इंडिगो
ताजा जानकारी के मुताबिक, इंडिगो ने 8 दिसंबर से उड़ानों की संख्या कम करने का निर्णय लिया है। हालांकि, फ्लाइट ऑपरेशन सामान्य होने में अभी काफी समय लग जाएगा। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, इंडिगो ने डीजीसीए को सूचित किया कि वह 8 दिसंबर से उड़ानों की संख्या कम करेगी और 10 फरवरी, 2026 तक पूरी तरह से स्थिर संचालन बहाल हो जाएगा, जबकि अगले कुछ दिनों में और उड़ानें रद्द होने की आशंका है।
इंडिगो ने डीजीसीए को क्या दिया आश्वासन?
इसी बीच डीजीसीए ने जानकारी दी है कि सुरक्षा मार्जिन बनाए रखते हुए यात्रियों की असुविधा को कम करने के लिए, इंडिगो ने 10 फरवरी 2026 तक ए320 संचालन के लिए विशिष्ट एफडीटीएल प्रावधानों से परिचालन में बदलाव/छूट का अनुरोध किया है। इंडिगो ने डीजीसीए को आश्वासन दिया है कि सुधारात्मक कार्रवाई चल रही है और 10 फरवरी 2026 तक सामान्य और स्थिर संचालन पूरी तरह से बहाल हो जाएगा।
